{"_id":"7eebafe0-dca3-11e2-8462-d4ae52bc57c2","slug":"indian-singer-shubha-vedula-in-american-idol","type":"story","status":"publish","title_hn":"अमेरिकन आईडल में भारतीय गायिका की धूम","category":{"title":"America","title_hn":"अमेरिका","slug":"america"}}
अमेरिकन आईडल में भारतीय गायिका की धूम
Updated Mon, 24 Jun 2013 01:26 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारतीय मूल की एक युवा गायिका ने अमेरिका की मशहूर अमेरिकन आईडल संगीत प्रतियोगिता में पहुंचकर धूम मचा दी है।
विज्ञापन
शुभा वेदूला पहली भारतीय मूल की गायिका हैं जो अमेरिकन आईडल में टॉप 20 में पहुंचीं।
शुभा वेदूला कहती हैं कि उनका तो ख्वाब पूरा हो गया। उनका कहना है, "मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं अमेरिकन आईडल में कभी गाने के लिए पहुंच पाऊंगी। हम लोगों का तो हमेशा यह सपना था। मैं और मेरी दीदी हम लोग हमेशा टीवी पर देखते थे अमेरिकन आईडल। मेरी दीदी ने ही मुझसे ऑडिशन देने के लिए कहा और मुझे हॉलीवुड बुलाया गया।"
अमेरिकन आईडल प्रतियोगिता अमेरिका में टीवी के सबसे चर्चित कार्यक्रमों में से एक है, जिसमें पूरे अमेरिका से हर वर्ष लाखों प्रतियोगी भाग लेते हैं।
इस साल शुभा वेदूला महिलाओं के वर्ग में आखिरी 20 प्रतियोगियों में शामिल थीं लेकिन सडन डेथ राउंड में वह बाहर हो गईं।
शुभा कहती हैं कि उनके समर्थन में दुनिया भर से संदेश आते रहे हैं। वह कहती हैं, "मुझे तो बहुत अच्छा लग रहा था। मेंने कभी नहीं सोचा था कि इतने लोग मुझे प्रोत्साहित करेंगे। मेरे नानाजी और नानीजी भी भारत में टीवी पर मुझे गाते देख रहे थे। मुझे बहुत अच्छा लगा। "
विज्ञापन
मिशिगन के माउंट प्लेज़ेंट शहर में रहने वाली 17 वर्षीय शुभा वेदूला को बचपन से ही गाने का शौक था और उन्होंने गायिकी में कई पुरस्कार भी जीते हैं।
जुनून है गायिकी
अब तो उन्हे संगीत का जूनून सा हो गया है। बीबीसी हिन्दी से खास बातचीत में शुभा वेदूला कहती हैं, "पहले तो बस मैं अमेरिकन आईडल पर गाना चाहती थी, मुझे जीतने की फ़िक्र नहीं थी। मैं तो बड़े-बड़े गायकों से मिलना चाहती थी, सबके सामने गाना चाहती थी। लेकिन अब मुझे संगीत का जुनून सा हो गया है। और अब तो मैं संगीत का गहन अध्ययन करना चाहती हूं और संगीत को बेहतर समझना चाहती हूं।"
विज्ञापन
असल में शुभा की बड़ी बहन प्रिया वेदूला ने उन्हे अमेरिकन आईडल में भाग लेने को प्रोत्साहित किया।
प्रिया बताती हैं, "मैं शुभा को गाते हुए सुनती थी तो लगता था कि जैसे कोई सीडी चल रही है, वह बहुत अच्छा गाती थी, तो मैंने मां से कहा कि इसे संगीत में कुछ करना चाहिए। तो फिर अमेरिकन आईडल में ऑडिशन दे दिया।"
शुभा वेदूला संगीत में तो नाम कमा ही रही हैं मगर पढ़ाई में भी वह अव्वल आती हैं।
1990 के दशक में शुभा वेदूला के माता-पिता रमेश और वंदना वेदूला भारत से न्यूयॉर्क आए जहां शुभा का जन्म हुआ।
माता पिता दोंनो डॉक्टर हैं मगर शुभा को डॉक्टर नहीं बनना, वह तो गायिकी की दुनिया की बुलंदियों को छूना चाहती हैं।
"मेरा सपना है कि मैं बियोंसे औऱ शकीरा जैसी मशहूर हो जाउं। मैं चाहती हूं कि मैं भी वैसी ही विश्व भर में मशहूर हो जाउं। इतनी मशहूर हो जाउं कि बस लोग मुझे शुभा के नाम से ही पहचान जाएं। मैं जानती हूं कि यह आसान नहीं है और मुझे बहुत मेहनत करनी पड़ेगी। लेकिन अंत में मैं जो भी करूं उसमें बस खुश रहना चाहती हूं।"
बहुभाषी
शुभा वेदूला अंग्रेज़ी, हिंदी के अलावा तेलुगू, स्पेनिश, फ़्रेंच, इटालियन और अरबी भाषाओं में भी गाने गाती हैं।
वह कहती हैं, "मैं तो भारत से हूं तो गाना ही पड़ेगा हिंदी गाने। मैं अब भी कुछ हिंदी के शब्द के सही उच्चारण सीख रही हूं। इसमें मेरे नाना नानी मेरी मदद करते हैं। मैं समझती हूं कि हिंदी गायक बहुत ही अदभुत अंदाज़ में गाना गाते हैं और मैं उनकी तकनीक सीखना चाहती हूं।"
शुभा को भारतीय खाने बहुत पसंद हैं खासकर पाव भाजी और वह भारत जाती रहती हैं।
तो बॉलवुड में गाना गाने के सवाल पर शुभा कहती हैं, "मुझे अगर बॉलीवुड में कोई मौका मिलेगा तो मैं दौड़ के जाऊंगी। मैं तो बचपन से ही बॉलीवुड फ़िल्में देखती रही हूं और अमिताभ बच्चन जी से मिलने की मेरी तमन्ना है। मैं अभी तो गायिकी पर ही फ़ोकस करूंगी लेकिन मैं ऐक्टिंग भी करना चाहूंगी। कुछ लोग मुझसे कहते हैं कि मैं करीना कपूर जैसी लगती हूं, थोड़ी सी। लेकिन देखते हैं क्या होता है।"
कैलाश खेर उनके पसंदीदा भारतीय गायक हैं और अमेरिकी गीतकारों में तो उन्हें बहुत से गायक पसंद हैं। खासकर बियोनसे, शकीरा, लेडी गागा।
शुभा की नज़रें अब टिकी हैं अगले अमेरिकन आईडल पर और वह जल्द ही शुरू होने वाले आडिशन के लिए तैयारियों में लगी हैं।