फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   America ›   hegel will be new defence secretary of america

हेगेल होंगे अमेरिका के नए रक्षा मंत्री

Tue, 08 Jan 2013 02:27 PM IST
Updated Tue, 08 Jan 2013 02:27 PM IST
विज्ञापन
hegel will be new defence secretary of america

राष्ट्रपति ओबामा ने चक हेगेल को रक्षा मंत्री और जॉन ब्रेनन को सीआईए प्रमुख बनाने की घोषणा तो कर दी है लेकिन उनके इस फ़ैसले को संसद से मंज़ूरी लेने में उन्हें काफ़ी दिक़्क़त हो सकती है।

विज्ञापन


हेगेल, रिपब्लिकन पार्टी के पूर्व सांसद हैं और उनकी पार्टी के ही उनके कुछ सहयोगी उन पर इसराइल विरोधी और ईरान के प्रति नरम रवैया रखने के आरोप लगा रहे हैं।
विज्ञापन



उसी तरह नए सीआईए प्रमुख जॉन ब्रेनन पर संदिग्धों से पूछताछ के दौरान काफ़ी सख़्त रवैया अपनाने के कारण सवाल उठ रहे हैं।

इन दोनों नियुक्तियों को अमेरिकी संसद के ऊपरी सदन सीनेट से मंज़ूरी लेनी होगी। लेकिन इन नियुक्तियों का बचाव करते हुए राष्ट्रपति ओबामा ने सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा, ''देश की सुरक्षा का काम कभी पूरा नहीं होता। इन नियुक्तियों पर फ़ैसला करते समय मेरे सामने केवल एक ही मानदंड था और ये कि अमेरिका को सुरक्षित रखने का काम कौन सबसे बेहतर तरीक़े से कर सकता है। इन दोनों ने हमारे देश की सुरक्षा में अपना पूरा जीवन लगा दिया है। मुझे पूरा यक़ीन है कि ये दोनों बेहतरीन काम करेंगे। मैं सिनेट से आग्रह करता हूं कि वो जितनी जल्दी संभव हो इन दोनों नियुक्तियों को अपनी मंज़ूरी देंदें ताकि हम अपने देश और अमेरिकी जनता को सुरक्षित रख सकें।''
विज्ञापन
विज्ञापन


नए रक्षा मंत्री हेगेल की तारीफ़ करते हुए ओबामा ने कहा, ''हमारे सैनिकों को हेगेल जैसा नेतृत्व मिलना चाहिए। वो हमारी सेना के चैंपियन रहे हैं।''

हेगेल ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वो पिछले रक्षा मंत्रियों के ज़रिए तय किए गए पैमाने पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे।

हेगेल का कहना था, ''अपने देश और ख़ासकर अमरीकी सैनिकों और उनके परिवारों की एक बार और सेवा करने का अवसर दिए जाने के लिए मैं राष्ट्रपति का आभारी हूं। अपने देश और अपने सहयोगियों को मज़बूत करने, दुनिया भर में आज़ादी और मानवता को बढ़ावा देने का मौक़ा मिलने के लिए मैं एक दफ़ा फिर राष्ट्रपति का शुक्रगुज़ार हूं। मैं सभी मानवजाति के लिए एक बेहतर दुनिया बनाने में मदद करूंगा।''

सीआईए प्रमुख जॉन ब्रेनन ने कहा कि वो इस बात को सुनिश्चित करने की कोशिश करेंगे कि ''सीआईए उन मूल्यों को दर्शाए जिन्हें हम बहुत प्रिय समझते हैं।''

राष्ट्रपति का शुक्रिया अदा करते हुए जॉन ब्रेनन ने कहा, ''मुझमें और सीआईए में विश्वास जताने और सीआईए का लगातार समर्थन करने के लिए मैं राष्ट्रपति का आभारी हूं। ऐसे समय में जब देश की सुरक्षा को लेकर गंभीर चुनौतियां बनीं हुई हैं सीआईए को सभी अमेरिकियों के समर्थन की ज़रूरत है। अगर निदेशक के रूप में मेरी नियुक्ति को मंजूरी मिल जाती है तो मैं इसे अपना लक्ष्य बना लूंगा कि देश को सुरक्षित रखने के लिए सीआईए के पास पर्याप्त साधन रहे और मैं ये भी सुनिश्चित करूंगा कि सीआईए उन मूल्यों को दर्शाए जिन्हें हम बहुत प्रिय समझते हैं।''

ओबामा ने पिछले महीने जॉन केरी को हिलेरी क्लिंटन की जगह विदेश मंत्री नियुक्त किया था।

जॉन केरी, चक हेगेल और जॉन ब्रेनन राष्ट्रपति ओबामा के दूसरे कार्यकाल में अमरीका की राष्ट्रीय सुरक्षा नीति को तय करने में अहम भूमिका अदा करेंगे।

लेकिन जानकारों का मानना है कि चक हेगेल को संसद की मंज़ूरी मिलने में कठिनाई हो सकती है।

हेगेल के बयान

हालांकि अभी तक किसी भी रिपब्लिकन सांसद ने हेगेल के नामांकन का विरोध करने की घोषणा नहीं की है, लेकिन कई प्रभावशाली सांसदों ने हेगेल के पूर्व बयानों की आलोचना की है।

ईरान पर इसराइली या अमेरिकी हमले की संभावना पर हो रही चर्चा के दौरान हेगेल ने ऐसी किसी भी योजना की आलोचना की थी जिसके कारण काफ़ी विवाद खड़ा हो गया था।

हेगेल ने अफ़ग़ानिस्तान शांति वार्ता में ईरान को भी शामिल किए जाने की वकालत की थी।

साल 2008 में अमेरिकी विदेश मंत्रालय के एक पूर्व अधिकारी के ज़रिए लिखी गई किताब में हेगेल ने अमेरिका में इसराइली दबदबे का ज़िक्र किया था।

किताब के अनुसार हेगेल ने कहा था, ''यहां यहूदी लॉबी बहुत लोगों को डराती है। मैं एक अमेरिकी सांसद हूं, इसराइली सांसद नहीं।''

लेकिन ह्वाइट हाउस के अधिकारियों ने हेगेल का बचाव करते हुए कहा कि कई मामलों में हेगेल के बयान को ग़लत तरीक़े से पेश किया गया है और हेगेल ने इसराइल के लिए भेजी जाने वाली अरबों डॉलर की सहायता राशि के पक्ष में वोट दिया था औऱ ईरान पर लगे प्रतिबंधों का भी समर्थन किया था।

ब्रेनन भी घेरे में
जॉन ब्रेनन को सीआईए प्रमुख बनाने के फ़ैसले पर भी सवाल उठाए जा रहें हैं।

इससे पहले साल 2008 में भी ब्रेनन को सीआईए प्रमुख बनाने की पेशकश की गई थी, लेकिन बाद में उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया था क्योंकि राष्ट्रपति जॉर्ज बुश के कार्यकाल के दौरान सीआईए के ज़रिए संदिग्धों से पूछताछ के लिए अपनाए गए तरीक़ों के लिए हेगेल को ज़िम्मेदार माना जा रहा था।


एक लंबे समय से सीआईए में काम कर रहे 57 साल के जॉन ब्रेनन इस समय राष्ट्रपति ओबामा के प्रमुख आतंकवाद निरोधक सलाहकार हैं।

साल 2011 में अल-क़ायदा के तत्कालीन प्रमुख ओसामा बिन लादेन को मारने की योजना में भी ब्रेनन ने अहम भूमिका निभाई थी। ब्रेनन, जनरल डेविड पेट्रियस की जगह लेंगे जिन्होंने पिछले साल नवंबर में एक महिला से प्रेम संबंधों के कारण अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news, Crime all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed