ट्रंप की फिर चेतावनी, यदि अमेरिका पर कार्रवाई की तो पछताएगा उत्तर कोरिया
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन को एक बार फिर चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उसने गुआम या अमेरिका के सहयोगी किसी अन्य क्षेत्र के खिलाफ कोई कार्रवाई की तो उसे सच में पछताना पड़ेगा।
न्यू जर्सी शहर में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि - मैं समझता हूं कि मैंने जो कहा है उसका जो भी मतलब है, उत्तर कोरिया उसकी गंभीरता को समझेगा, क्योंकि मैंने जो कुछ भी कहा वे शब्द समझने में बहुत आसान हैं।
ट्रंप ने यह भी कहा कि -यह शख्स जो कर रहा है उससे बच नहीं सकता। अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह टिप्पणी संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी दूत के बतौर कार्यरत अमेरिका की राजदूत निक्की हेली और विदेशमंत्री रैक्स टिलरसन से बातचीत के बाद की है।
शी जिनपिंग और ट्रंप ने माना, उत्तर कोरिया को बंद करनी चाहिए उकसावे की कार्रवाई
वाशिंगटन। व्हाइट हाउस ने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच कोरियाई प्रायद्वीप को गैर परमाणु क्षेत्र बनाने पर आपसी बातचीत हुई।
फोन पर हुई इस में दोनों ने सहमति जताई कि उत्तर कोरिया को उकसावे और उत्तेजना फैलाने वाला व्यवहार हर हाल में रोकना चाहिए। व्हाइट हाउस के मुताबिक दोनों नेताओं ने दोहराया कि संयुक्त राष्ट्र परिषद ने हाल ही में उत्तर कोरिया पर जो प्रस्ताव मंजूर किया है वह कोरियाई प्रायद्वीप में शांति और स्थायित्व के लिए महत्वपूर्ण और आवश्यक कदम है।
उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन द्वारा अमेरिका को गुआम पर मिसाइल दागने की धमकी के बाद दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत हुई है।