{"_id":"15855c7c-9478-11e2-b06d-d4ae52bc57c2","slug":"arnold-schwarzenegger-s-mentor-joe-weider-dies","type":"story","status":"publish","title_hn":"श्वार्ज़नेगर के गुरु नहीं रहे ","category":{"title":"America","title_hn":"अमेरिका","slug":"america"}}
श्वार्ज़नेगर के गुरु नहीं रहे
Updated Sun, 24 Mar 2013 05:13 PM IST
विज्ञापन
दुनिया के शायद सबसे जाने माने फ़िटनेस गुरूओं में से एक जो वाइडर की मौत कैलीफ़ॉर्निया में हो गई है। डॉक्टरों के मुताबिक़ 93 साल के वाइडर की मौत ह्रदय गति रुकने से हुई।
विज्ञापन
वाइडर ने ही हॉलीवुड के जाने माने अभिनेता आर्नॉल्ड श्वार्ज़नेगर को उनके करियर की शुरुआत करने में मदद की थी। वाइडर की खोज साबित होने वाले श्वार्ज़नेगर ने अभिनय की दुनिया में अपना लोहा मनवाया है।
विज्ञापन
वाइडर, मिस्टर ओलंपिया बॉडी-बिल्डिंग प्रतियोगिता शुरू करने और पुरुषों से जुड़ी फिटनेस पत्रिका का साम्राज्य खड़ा करने के लिए जाने जाते हैं।
आर्नॉल्ड श्वार्ज़नेगर के मुताबिक़ वह फिटनेस क्षेत्र के “पितामह” थे। उनका कहना है कि वाइडर ने उनके पूरे करियर के दौरान उनकी मदद की और उन्हें सीमाओं से बाहर ख़ुद को देखने की प्रेरणा दी।
विज्ञापन
सेहत से साम्राज्य
वाइडर ने लाखों डॉलर का एक प्रकाशन साम्राज्य खड़ा किया जिनमें ‘मसल ऐंड फिटनेस’, ‘फ्लेक्स’, ‘शेप ऐंड मेंस फिटनेस’ जैसी पत्रिकाएं शामिल हैं।
उन्होंने 1965 में बॉडी बिल्डिंग से जुड़े 'मिस्टर ओलंपिया' नाम की प्रतियोगिता भी शुरु की।
इस प्रतियोगिता को रिकॉर्ड स्तर पर सात बार जीतने वाले श्वार्ज़नेगर ने उन्हें पितातुल्य बताया है। वाइडर की वजह से ही श्वार्ज़नेगर के सपने हक़ीक़त में तब्दील हो सके।
1919 में कनाडा में जन्मे जो वाइडर जब थोड़े बड़े होकर मॉन्ट्रियल में आए तो वह बेहद दुबले पतले थे।
संघर्ष भरी शुरुआत
उन्होंने कसरत के ज़रिए शरीर को मज़बूत बनाना तब शुरू किया जब एक आदमी ने उनके चेहरे पर बालू फेंक दिया था।
उन्होंने एक कुश्ती टीम में भी शामिल होने की कोशिश की लेकिन उन्हें उसमें शामिल होने की इजाज़त नहीं दी गई।
टीम के कोच को इस बात का डर था कि वह अभी छोटे हैं और उन्हें कोई शारीरिक नुक़सान पहुंच सकता है।
एक ऐसा दौर आया जब श्वार्ज़नेगर उनके अच्छे दोस्त बन गए। उनका कहना है कि उन्होंने वाइडर से ही यह सीखा कि कड़ी मेहनत और प्रशिक्षण से कोई भी व्यक्ति चैंपियन बन सकता है।
अभिनेता से कैलिफ़ॉर्निया के गर्वनर बने श्वार्ज़नेगर ने कहा, “जो वाइडर फिटनेस उद्योग के सरताज थे। अब तक मैं जितने लोगों से मिला हूं उनमें वह सबसे दयालु थे।”
श्वार्ज़नेगर पुरानी बातें याद करते हुए कहते हैं, “मैं अमरीका में आने से पहले ही जो वाइडर के बारे में काफ़ी सुना करता था।”