आज ही के दिन हुआ था 9/11, आतंकियों ने दहलाया था अमेरिका
9/11 हमले की आज 15वीं बरसी है। 11 सितंबर 2001 को अल कायदा के 19 आतंकियों ने वर्ल्ड ट्रेड सेंटर, पेंटागन और पेंसिलवेनिया में हमले कर अमेरिका को दहला दिया था। आतंकियों ने चार विमान हाइजैक किए थे।
दो विमानों को वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के टॉवर्स में टकरा दिया जबकि तीसरे विमान से पेंटागन पर हमला किया गया। एक विमान पेंसिलवेनिया में क्रैश हो गया था। इन हमलों में 2996 लोगों की मौत हो गई थी और 6,000 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
उस समय जॉर्ज डब्ल्यू बुश अमेरिका के राष्ट्रपति थे। उनके तत्कालीन प्रेस सेक्रेट्री एरी फ्लीसर ने एयर फोर्स वन में बुश को हमले की जानकारी दिए जाने के बाद के उनके दुख, सदमे और दृढ़ संकल्प के भाव को हूबहू लीगल पैड पर लिखा था, जिसे उन्होंने 15 साल बाद जारी किया है। यह छह पेज में है।
हमले के पीछे था लादेन का हाथ
बुश ने तत्कालीन उप राष्ट्रपति डिक चेनी से कहा था, ‘हम युद्ध के मैदान में हैं।’ उन्होंने अपने सहयोगियों से आगे कहा, ‘जब हम गुनहगारों को पकड़ेंगे तो वे मुझे पसंद नहीं करेंगे।
उन्हें इसकी भारी कीमत चुकानी होगी।’ हमले के पीछे अल कायदा सरगना ओसामा बिन लादेन का हाथ था। पाक के एबटाबाद में 2 मई 2011 को अमेरिकी कमांडो ने एक ऑपरेशन में उसे मौत के घाट उतार दिया।
इस हमले के बाद अमेरिका ने सुरक्षा नीति में व्यापक बदलाव किए पर आज भी अमेरिका पर आतंकी खतरा कम नहीं हुआ है।