पिथौरागढ़। लॉक डाउन का उल्लंघन करने पर पुलिस ने डीडीहाट में चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वाहन सीज कर दिया है। उपनिरीक्षक मीनाक्षी रौतेला वाहनों की चेकिंग कर रही थी। यूके 05टीए 2929 में चालक के अतिरिक्त 12 सवारियां बैठी थीं। पूछताछ में चालक गोविंद टम्टा ने इस वाहन की साथ में बैठे नंदन सिंह के पास डीडीहाट से बोरागांव तक राशन ले जाने के लिए अनुमति होने की बात कही। प्रपत्र देखने पर चालक के साथ एक ही व्यक्ति को वाहन में बैठने की अनुमति मिली थी। वाहन में बिना अनुमति के 12 सवारियां बिठाने और लॉक डाउन का उल्लंघन करने पर पुलिस ने चालक गोविंद टम्टा के साथ ही नंदन सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ डीडीहाट थाना में आईपीसी की धारा 188/269 और 51बी के तहत अभियोग दर्ज किया है। वाहन को सीज कर पुलिस ने कब्जे में ले लिया। टीम में प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवार, कांस्टेबल मनीषा सामंत, नवींद्र, हरीश लाल, दिनेश जोशी, दरबान सिंह, प्रदीप गिरी शामिल रहे।