डॉक्टर शिवानंद नौटियाल राजकीय महाविद्यालय वेदीखाल की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से दहेज प्रथा पर आधारित शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वयंसेवियों ने समाज में व्याप्त दहेज प्रथा के कारण और निवारण पर चर्चा करते हुए इस सामाजिक बुराई को समाज से दूर करने का संकल्प लिया। उन्होंने इसके लिए जन जागरूकता रैली निकाली।
महाविद्यालय परिसर में आयोजित शिविर का बतौर मुख्य वक्ता डॉ. भूपेंद्र सिंह कुंवर ने शुभारंभ किया। एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनुपम त्यागी ने शिविर के कार्य रूपरेखा प्रस्तुत की। छात्रा शिवानी, मेघा नेगी, सेवा, श्वेता रावत, अखिलेश सिंह, सुंदर कुमार आदि ने मंच से इस सामाजिक समस्या को रेखांकित करते हुए इसके समाधान के उपाय बताए। शिविर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर वैज्ञानिक एवं प्रथम नोबल पुरस्कार विजेता चंद्रशेखर वेंकेटरमन को याद किया गया। सभी छात्र छात्राओं ने वैज्ञानिक सोच को अपने जीवन में अपनाने की शपथ ली। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर अनुपम त्यागी, डॉ. सर्वेश कुमार, डॉ. अतुल सिंह, आशीष रतन, विक्रम रावत आदि मौजूूद थे।