काशीरामपुर तल्ला में मोबाइल टावर लगाने के विरोध में लोगों ने तहसील में प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र में लगाए जा रहे मोबाइल टावर को हटाने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर तहसील में आंदोलन करने की चेतावनी दी।
शनिवार को वार्ड नंबर छह काशीरामपुर तल्ला के लोग तहसील में एकत्र हुए। उन्होंने मोबाइल टावर कंपनी के खिलाफ नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। उन्होंने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर टावर हटवाने की मांग की। इस अवसर पर लोगों ने कहा कि क्षेत्र में स्थानीय लोगों की जानकारी में लाए बिना घनी आबादी के बीच एक बड़ा मोबाइल टावर लगाया जा रहा है, जिसके रेडिएशन का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ेगा। इस अवसर पर विमला बिष्ट, किरन बिष्ट, आरएस नेगी, नेहा नेगी, अनिल नेगी, धनेश्वरी देवी, बिदेश्वरी देवी, रचित कुमार बौंठियाल, विपिन बौंठियाल, सवित्री देवी, सरोजनी देवी, कांती तिवारी, संतोषी, कांती चौहान, एसपी कांती आदि मौजूद थे।