स्पेन से लौटकर दुगड्डा पहुंचा और उसके बाद कोटद्वार बेस अस्पताल में भर्ती युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है, जिससे स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। युवक के स्पेन से कोटद्वार-दुगड्डा पहुंचने और दुगड्डा में उसके संपर्क में आए लोगों की सूची बनाई जा रही है। उसके माता-पिता व बहन को कोटद्वार के कण्वाश्रम स्थित जीएमवीएन क्वारंटीन सेंटर में लाया जा रहा है।
दुगड्डा का एक युवक एक माह पहले नौकरी की तलाश में स्पेन गया था। वहां पर कारोना के आतंक को देखते हुए वह भारत लौट आया। उसका दिल्ली एयरपोर्ट पर मेडिकल चेकअप किया गया, जहां उस पर कोरोना के किसी प्रकार के लक्षण नहीं पाए जाने पर वह 17 मार्च को कोटद्वार होते हुए दुगड्डा पहुंचा। दो दिन बाद 19 मार्च को लोगों ने स्वास्थ्य विभाग को युवक के बारे में सूचना दी, जिस पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुगड्डा के डा. नाजिम अली ने स्वास्थ्य कर्मियों के साथ उसकी प्रारंभिक जांच की, तब उस पर कोरोना के कोई लक्षण नहीं पाए गए थे। युवक के पिता शिक्षक और माता गृहिणी है, जबकि छोटी बहन अध्ययनरत है। उसी दिन डाक्टरों द्वारा एहतियात के रूप में उसे कोटद्वार बेस अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया। साथ ही उसके लार का सेंपल जांच के लिए हल्द्वानी भेजा गया। करीब एक सप्ताह बाद बुधवार को युवक की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। युवक पर कोरोना की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। बेस अस्पताल के पीएस डा. वीसी काला ने बताया कि युवक के माता, पिता और बहन को कण्वाश्रम स्थित क्वारंटीन सेंटर में लाया जा रहा है। इसके अलावा युवक के संपर्क में आए लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। उधर, सीएमओ पौड़ी डा. मनोज बहुखंडी ने बताया कि दुगड्डा के कोरोना संदिग्ध युवक का सैंपल जांच में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। युवक और उसके परिजनों के इलाज की व्यवस्था की जा रही है।