कोटद्वार। कल्जीखाल ब्लॉक के असवालस्यूं पट्टी के ग्राम चामी निवासी एक व्यक्ति ने एलआईसी एजेंट पर उसकी बहन की पालिसी की चार किश्तों की 30 हजार रुपये की धनराशि हड़पने का आरोप लगाते हुए अपर जिलाधिकारी पौड़ी को शिकायती पत्र दिया है। तहसीलदार पौड़ी ने भारतीय जीवन बीमा निगम के प्रबंधक को मामले की जांच कर पीड़ित को भुगतान कराने के निर्देश दिए हैं।
कल्जीखाल ब्लॉक के असवालस्यूं पट्टी के ग्राम चामी निवासी हरीश चंद्र ने अपर जिलाधिकारी पौड़ी को शिकायती पत्र दिया। पत्र में कहा गया कि उनके पिता स्व. पीतांबर दत्त ने वर्ष 2011 में उनकी बहन सुषमा देवी के नाम पर एक एलआईसी एजेंट से पालिसी कराई। इस दौरान वह 7092 रुपये के हिसाब से दो वार्षिक किश्त जमा कराते रहे। अगस्त 2012 में उनके पिता की मृत्यु के बाद उनकी बहन सुषमा देवी ने अगले दो वर्ष तक चार किश्तें जमा कराने के लिए आरोपी एलआईसी एजेंट को दी, लेकिन एजेंट ने चारों किश्तें हड़प लीं। किश्त जमा नहीं होने के कारण पालिसी बंद हो गई। उनका आरोप है कि एलआईसी एजेंट मामले में उनको गत सात सालों से गुमराह कर रहा है। शिकायती पत्र में आरोपी एलआईसी एजेंट से चार किश्तों की कुल धनराशि 30 हजार रुपये वसूल करने की गुहार लगाई गई है। तहसीलदार ने भारतीय जीवन बीमा निगम कोटद्वार के प्रबंधक को पत्र लिखकर मामले की जांच कराकर पीड़ित को उसकी धनराशि का भुगतान कराने के निर्देश दिए हैं।