विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस और जन्माष्टमी के अवसर पर वैदिक आश्रम गुरुकुल महाविद्यालय कण्वाश्रम में एक नए प्रकल्प के रूप में स्वनाथ वैदिक गुरुकुल का वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर 20 बच्चों ने आश्रम में प्रवेश लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने किया। उन्होंने कहा कि स्वनाथ वैदिक गुरुकुल में शिक्षा लेने वाले छात्र सुसंस्कृत, संस्कारी, आज्ञाकारी, आदर्शवादी बनकर देश निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। गुरुकुल महाविद्यालय के संस्थापक डॉ. विश्वपाल जयंत ने कहा कि नए प्रकल्प को संचालित करने की योजना और व्यवस्था का कार्य वात्सल्य वाटिका हरिद्वार के प्रधान प्रदीप मिश्रा की ओर से किया जा रहा है। कार्यक्रम में डॉक्टर जयशंकर आत्रेय की ओर से रचित ‘बृज के कृष्ण’ पुस्तिका का वन मंत्री ने विमोचन किया। बताया कि आश्रम में उत्तर पूर्वी भारत, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के करीब 20 छात्रों को प्रवेश दिया गया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता विशिष्ट अतिथि सुबोध गुप्ता ने की। इस अवसर पर राजवीर सिंह शास्त्री, राजीव बालियान, संदीप रावत, योग प्रशिक्षिका रजनी अग्रवाल, अनिरुद्ध ध्यानी, राजीव राय, डॉ जयशंकर, अशोक गौड़, मनीषा मिश्रा, विमलेश गौड़, दीपिका शर्मा, शमा साबरीन, मयंक भारद्वाज, मुन्नालाल मिश्रा और चंद्रप्रकाश नैथानी आदि मौजूद रहे।