आम आदमी पार्टी के उत्तराखंड प्रभारी व दिल्ली में आप के विधायक दिनेश मोहनियां ने कहा कि यदि राज्य में उनकी पार्टी की सरकार बनी तो दिल्ली की तर्ज पर बिजली और पानी मुफ्त मिलेगा। कहा कि दिल्ली में उत्तराखंड की बिजली और पानी जा रहा है, लेकिन दिल्ली के लोगों को यह दोनों सुविधाएं फ्री में मिल रही है। जबकि उत्तराखंड में लोगों को मोटी कीमत चुकानी पड़ रही है। कहा कि यह उत्तराखंड का सबसे बड़ा दुर्भाग्य है।
विधायक दिनेश मोहनियां शुक्रवार को यहां आयोजित एक कार्यक्रम मेें पहुंचे थे। इस मौके पर नयारघाटी के समाजसेवी दिग्मोहन नेगी ने अपने दर्जनों समर्थकों सहित आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। यहां पौड़ी रोड स्थित एक लॉज में आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी और दिल्ली के विधायक दिनेश मोहनियां और प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर की मौजूदगी में वे पार्टी में शामिल हुए। दिग्मोहन नेगी ने चौबट्टाखाल सीट से ताल ठोकने के संकेत दिए। प्रदेश प्रभारी ने इस मौके पर चौबट्टाखाल विधानसभा के लिए मिस्डकाल से सदस्य बनने के लिए मोबाइल नंबर भी जारी किया। मौके पर मनीष खुगशाल ,अर्जुन सिंह, महेंद्र काला, गणेश सिंह, रमेश बौड़ाई, देवकिशोर नेगी, मलिकराज डोबरियाल, अनीता देवी, मुन्नी देवी, यतेंद्र सिंह, लक्ष्मण सिंह,शिशुपाल रावत, चंद्रमोहन भट्ट, शशि मोहन कोटनाला, रणवीर रावत, डबल सिंह मिंया, प्रेम सिंह रावत आदि मौजूद थे।