कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पेट्रो पदार्थों और घरेलू गैस सिलिंडर के दामों में वृद्धि के विरोध में तहसील चौराहे में केंद्र सरकार का पुतला फूंका। इस मौके पर केंद्र सरकार से जनहित में पेट्रो पदार्थों और घरेलू गैस सिलिंडर के दामों में हुई वृद्धि को वापस लेने की मांग की गई।
बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ता गढ़वाल टाकीज स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में एकत्र हुए। यहां से वे नारेबाजी करते हुए तहसील चौराहा पहुंचे और केंद्र सरकार के पुतले को आग के हवाले किया। इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलिंडर के दामों में बेतहाशा वृद्धि कर आम आदमी का जीना मुहाल कर दिया है। आरोप लगाया कि भेड़पालन विभाग में तीन हजार करोड़ और कर्मकार बोर्ड में 430 करोड़ का घोटाला हुआ है। ईएसआई चिकित्सालय के भुगतान में अनियमितता, सेनेट्री नैपकीन, श्रम विभाग की सामग्री क्रय में घोटाले की अभी तक जांच नहीं कराई गई है। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से जनहित में पेट्रो पदार्थों और घरेलू गैस सिलिंडर के दामों में हुई वृद्धि को वापस लेने, प्रदेश सरकार के कार्यकाल में हुए घोटालों की जांच सीबीआई से कराने की मांग की गई। पुतला दहन करने वालों में जिलाध्यक्ष डॉ. चंद्रमोहन खर्कवाल, महानगर अध्यक्ष संजय मित्तल, विजय नारायण सिंह, कृष्णा बहुगुणा, शकुंतला चौहान, अमितराज सिंह, पार्षद सूरज प्रसाद कांति, विजय रावत, बलवीर सिंह, वीडी नवानी, महावीर सिंह रावत, धीरेंद्र सिंह बिष्ट, दर्शन सिंह रावत, प्रीति सिंह, हेमचंद्र पंवार, नसीम अहमद, शंकेश्वर प्रसाद सेमवाल, नरेश कोटनाला, आशुतोष वर्मा, राजेंद्र सिंह गुसाईं आदि शामिल रहे।