बीरोंखाल बीडीसी बैठक में सड़क, पेयजल समेत जनसमस्याएं छाई रही। इस अवसर पर राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार प्राप्त करने वाली बहादुर बेटी राखी रावत जनप्रतिनिधियों ने फूल मालाएं पहनाकर सम्मानित किया।
ब्लाक सभागार में ब्लॉक प्रमुख राजेश कंडारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनसमस्याओं पर चर्चा हुई। बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपक नेगी ने दरिया बैजरो में सड़क के किनारे रेलिंग निर्माण व सुरक्षा जाली लगाने की मांग उठाई। प्रधान ओमपाल बिष्ट ने एनएच के अधिकारियों से बीरोंखाल बाजार, जिवई, बैजरो, स्यूंसी, बीरोंखाल, मैठाणाघाट, रसिया महादेव बाजारों में पानी की निकासी के लिए नाली निर्माण कराने की मांग की। एरोली के प्रधान विष्णु रावत ने लोनिवि बैजरो से ऐरोली चंदोली एनएच 309 का शीघ्र निर्माण कराने, नौगांव के प्रधान ओमपाल सिंह ने मोरोबैंड, धोबीघाट, रिखाड मोटर मार्ग का शीघ्र निर्माण कराए जाने की मांग की। बैठक में कूड़ादान, सोख्ता गड्ढा, हर घर जल, हर घर नल योजना की विस्तार से सदस्यों को जानकारी दी। बैठक में बीडीओ आशाराम पंत, जेष्ठ प्रमुख कुलदीप नेगी, कनिष्ठ प्रमुख सुषमा रावत और प्रधान संघ के अध्यक्ष ओमपाल बिष्ट विभिन्न विभागों के अधिकारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान मौजूद रहे।