पिंडर नदी पर बन रहे आमसौड़-सेरागाड़ मोटर पुल के निर्माण में हो रही देरी पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर लोनिवि के विरोध में नारेेबाजी की। नाराज लोगों ने कहा कि विभाग ने पुल आधा बनाकर छोड़ा है। पुल पर कई सालों से गार्डर नहीं बिछाए जा रहे हैं। पुल न बनने से ग्रामीणों को कई किमी पैदल दूरी नापनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी यदि जल्द पुल का निर्माण शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन व चक्काजाम किया जाएगा।
यूकेडी के युवा नेता उमेश खंडूड़ी की अगुवाई में सेरागाड़ के निवासी गाजे बाजे के साथ सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए गाड़गंगा जोड़ सेरापांखुडी के पास पहुंचे और आधे-अधूरे मोटर पुल निर्माण के विरोध में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि तहसील दिवस से लेकर डीएम व सीएम के जनता दरबार में पुल बनाने की गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है। कहा कि 7 साल बीत गए, लेकिन सेरागाड़ पुल विभाग की उपेक्षा का दंश झेल रहा है। सेरागाड़ पुल इस क्षेत्र के विकास का एकमात्र रास्ता है। प्रदर्शन करने वालों में उक्रांद नेता केएल शाह, जिलाध्यक्ष आकाश पुजारी, अनिल नेगी, अंकित, उमेश, धनवंतरी रतूड़ी, रमेश जोशी, नारायण रतूड़ी, बलवंत, संतोष, सूरज, राजाराम मौजूद थे।