चमोली जिले के दशोली ब्लॉक प्रधान संगठन ने मनरेगा कार्यों की निर्माण सामग्री का भुगतान नहीं होने पर ब्लॉक मुख्यालय चमोली में धरना शुरू कर दिया है। ग्राम प्रधानों ने चेतावनी दी कि यदि 15 अप्रैल तक भुगतान की व्यवस्था नहीं की जाती है, तो वह कार्य बहिष्कार के साथ तालाबंदी करने को मजबूर होंगे।
सोमवार को दशोली ब्लॉक प्रधान संगठन के अध्यक्ष नयन सिंह कुंवर के नेतृत्व में ग्राम प्रधान ब्लॉक परिसर में एकत्रित हुए। यहां शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। इसके बाद आक्रोशित प्रधानगणों ने परिसर में ही धरना शुरू कर दिया। ब्लॉक अध्यक्ष नयन सिंह कुंवर ने कहा कि उन्होंने चार अप्रैल को मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा था, जिसमें कहा था कि गांवों में मनरेगा कार्यों के लिए खरीदी सामग्री का 18 महीने से भुगतान नहीं हो पाया है। उन्होंने जिलाधिकारी को इस संबंध में ज्ञापन भेजकर कहा है कि यदि 15 अप्रैल तक तक भी मांग पर कार्रवाई नही हुई तो वह कार्यबहिष्कार के साथ तालाबंदी कर देंगे। इस अवसर पर प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष नयन सिंह कुंवर, कृष्णा देवी, दीपा देवी, विनीता देवी, सरोजनी देवी आदि मौजूद थे।