स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही राज्य आमंत्रण फुटबाल प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार को पौड़ी, टिहरी, चमोली की टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। हालांकि बृहस्पतिवार को हुए तीनों मुकाबलों में कोई भी टीम एक भी गोल नहीं कर पाई। अपने पूल में सर्वाधिक गोल करने के आधार पर टीमें सेमीफाइनल में पहुंची हैं।
तीसरे दिन के मैचों का शुभारंभ जिला वॉलीबाल संघ के अध्यक्ष अशोक सिंह रावत और चमोली और रुद्रप्रयाग के भाजपा विभागाध्यक्ष मनोज भंडारी ने संयुक्त रूप से किया। खेल शुरू होने से पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत के आकस्मिक निधन पर खिलाड़ियों और सभी पदाधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। बृहस्पतिवार को पहला मुकाबला यूनाइटेड फुटबाल क्लब पौड़ी और फुटबाल क्लब लैंसडौन के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई और मैच बराबरी पर रहा। लीग आधार पर अपने पूल में सर्वाधिक गोल स्कोर करने पर पौड़ी ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। दूसरा मैच हल्द्वानी और डीएफए टिहरी के बीच खेला गया। इसमें भी कोई गोल नहीं होने पर मैच बराबरी पर रहा। पूल बी में सर्वाधिक अंकों के आधार पर डीएफए टिहरी सेमीफाइनल में पहुंचा। तीसरा मैच डीएफए चमोली और बागेश्वर के बीच हुआ। यह मैच भी गोल रहित रहने पर पूल सी में सर्वाधिक गोल स्कोर के आधार पर डीएफए चमोली की टीम सेमीफाइनल में पहुंची। इस दौरान रेफरी वीरेंद्र सिंह बिष्ट, तनवीर अहमद, राकेश रावत, पुष्कर जोशी, अजीत रावत, मैच कमिश्नर हेम पुजारी, प्रभारी जिला क्रीड़ाधिकारी गिरीश कुमार आदि उपस्थित रहे।