औली में सात फरवरी से होने वाले राष्ट्रीय शीतकालीन खेलों के दौरान बर्फ से बंद पड़ी औली सड़क बाधा नहीं बनेगी। लोनिवि ने सड़क से बर्फ और पाले को हटाने के लिए एनएच विभाग से स्नो ब्लोवर मंगा है। शनिवार सुबह तक मशीन के पहुंचने की उम्मीद है, जिसके बाद से मार्ग खोलने में तेजी आ जाएगी। वहीं लोनिवि ने दो जेसीबी के साथ 16 मजदूरों को जोशीमठ-औली मार्ग से बर्फ हटाने में लगाया हुआ है।
औली में सात से नौ फरवरी तक राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता होनी है, लेकिन अत्यधिक बर्फबारी के चलते जोशीमठ-औली मोटर मार्ग बंद पड़ा हुआ है। ऐसे में यहां आने वाले खिलाड़ियों को परेशानी हो सकती है। अमर उजाला ने इस समस्या को चार फरवरी के अंक में प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद लोनिवि हरकत में आया और बर्फ हटाने के का काम शुरू किया। लोनिवि ने यहां पर दो जेसीबी लगा दी हैं साथ ही 16 मजदूरों को लगाया है, लेकिन मौसम के मिजाज को देखते हुए जेसीबी और मजदूरों की ओर से बर्फ पूरी तरह से हटा पाना मुमकिन नहीं दिख रहा है। खेलों के दौरान कोई व्यवधान उत्पन्न न हो इसके लिए लोनिवि ने एनएच विभाग से स्नो ब्लोवर मंगाया है। लोनिवि के एई अनिल कुमार ने बताया कि बर्फ हटाने के लिए एनएच से स्नो ब्लोवर मंगाया गया है। एनच की यह मशीन रुद्रप्रयाग जिले में है। शनिवार सुबह तक मशीन आने की उम्मीद है। यह मशीन सड़क से बर्फ के साथ पाले को भी तेजी से साफ करने में सक्षम है। मशीन मिलने के बाद बर्फ हटाने के काम में तेजी आएगी।