पीजी कॉलेज गोपेश्वर में होने वाली मतगणना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गई है। इस दौरान भारी पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती रहेगी। सुरक्षा ड्यूटी में लगे जवानों को एसपी श्वेता चौबे ने ब्रीफ करते हुए सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि आपस में सामंजस्य बनाकर ड्यूटी करें। कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी पहचानपत्र वालों को ही अंदर जाने की अनुमति होगी। मतगणना कक्ष में सिर्फ निर्वाचन आयोग की ओर से अधिकृत व्यक्ति पर्यवेक्षक, सुपरवाइजर, आर्ब्जवर लोक सेवक और प्रत्याशियों के एजेंट ही प्रवेश करेंगे। मतगणना में तीन पुलिस उपाधीक्षक, छह निरीक्षक, 43 उपनिरीक्षक, 40 हेड कांस्टेबल, 139 कांस्टेबल, 23 महिला कांस्टेबल, 11 यातायात पुलिस, सात फायर यूनिट, पीएसी दो प्लाटून 1/2 सेक्शन, सीआरपीएफ दो प्लाटून तैनात रहेंगे। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक चमोली धन सिंह तोमर, पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग विमल प्रसाद, उपाधीक्षक ऑपरेशन नताशा सिंह आदि उपस्थित रहे। वहीं विधानसभा चुनावों की मतगणना की तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रेक्षक एससीएस सौम्यजीत दास ने मतगणना स्थल पीजी कॉलेज का निरीक्षण किया। बताया कि मतगणना हॉल सीसीटीवी की निगरानी में रहेगा। मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की जाएगी।