उत्तराखंड: केदारनाथ-बदरीनाथ पहुंचे पीएमओ के अधिकारी, पुनर्निर्माण और मास्टर प्लान के कार्यों का लिया जायजा
बृहस्पतिवार सुबह 8.30 बजे रिमझिम बारिश के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सलाहकार भाष्कर खुल्बे, पीएमओ कार्यालय में कार्यरत उप सचिव मंगेश घिल्डियाल व उत्तराखंड के पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर हेलीकॉप्टर से केदारनाथ पहुंचे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीएमओ कार्यालय से तीन सदस्यीय टीम ने केदारनाथ पहुंचकर पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशासन व कार्यदायी संस्था के अधिकारियों व प्रशासन से कार्यों की जानकारी भी मांगी। इसके बाद उन्होंने बदरीनाथ पहुंचकर मास्टर प्लान के तहत होने पर कार्यों का भी जायजा लिया।
बृहस्पतिवार सुबह 8.30 बजे रिमझिम बारिश के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सलाहकार भाष्कर खुल्बे, पीएमओ कार्यालय में कार्यरत उप सचिव मंगेश घिल्डियाल व उत्तराखंड के पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर हेलीकॉप्टर से केदारनाथ पहुंचे। डीएम मनुज गोयल ने हेलीपैड पर तीनों अधिकारियों की अगवानी की। अधिकारियों ने धाम में चल रहे द्वितीय चरण के पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
उन्होंने पहले चरण में निर्माणाधीन आदिगुरु शंकराचार्य समाधिस्थल के कार्य को समय से पूरा करने को कहा। साथ ही अन्य कार्यों के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। डीएम मनुज गोयल ने बताया कि इस यात्राकाल में कई कार्य पूरे हो जाएंगे। करीब डेढ़ घंटे केदारनाथ में रहने के बाद तीनों अधिकारी सुबह 10 बजे हेलीकॉप्टर से बदरीनाथ धाम के लिए रवाना हो गए थे। लेकिन मौसम खराब होने के कारण हेलीकॉप्टर आधे रास्ते से ही जोशीमठ लौट आया। जोशीमठ से दोनों अधिकारी वाहन से बदरीनाथ धाम पहुंचे।
उन्होंने शेषनेत्र झील, बदरीनाथ बाईपास मार्ग, भीम पुल, माणा गांव का भ्रमण किया। प्रधानमंत्री के सलाहकार भाष्कर खुल्बे ने कहा कि बदरीनाथ धाम के पौराणिक स्वरूप से कोई छेड़छाड़ किए बिना मास्टर प्लान के तहत कार्य होंगे। शेषनेत्र से बदरीनाथ धाम तक आस्था पथ का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने जिलाधिकारी हिमांशु खुराना को कार्यों की निगरानी के निर्देश दिए।
पुनर्निर्माण कार्यों में निभाई अहम भूमिका
प्रधानमंत्री कार्यालय नई दिल्ली में कार्यरत उप सचिव मंगेश घिल्डियाल ने मई 2017 से मई 2020 तक रुद्रप्रयाग में बतौर डीएम रहते हुए केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्यों धरातल पर उतारने में अहम भूमिका निभाई। 20 अक्तूबर 2017 को पीएम मोदी ने केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया था। उसके बाद से डीएम घिल्डियाल समय-समय पर कार्यों के लिए निरीक्षण के लिए केदारनाथ का दौरा करते रहे।
ऋषिकेश: पीएम के सलाहकार भास्कर खुल्बे ने लिया रेल परियोजना का जायजा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सलाहकार भास्कर खुल्बे ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। रेलवे अधिकारियों ने मुख्य सलाहकार परियोजना की कार्यप्रगति का ब्यौरा दिया। भास्कर खुल्बे ने अधिकारियों को मानको और गुणवत्ता पर खरा उतरते हुए निर्धारित समयावधि में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने त्रिवेणी घाट पर संध्याकालीन आरती में शामिल होकर मां गंगा का आशीर्वाद लिया।
बुधवार को प्रधानमंत्री के सलाहकार भास्कर खुल्बे ने शिवपुरी में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। रेल विकास निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक हिमांशु बडोनी ने भास्कर खुल्बे को बताया कि सभी नौ पैकेज पर परियोजना का कार्य काफी तेजी के साथ चल रहा है। उन्होंने बताया कि 14 किलोमीटर से अधिक रेल सुरंग का निर्माण हो गया है। परियोजना प्रबंधक ने प्रधानमंत्री के सलाहकार को बताया कि निर्धारित समयावधि वर्ष 2024 तक परियोजना योजना का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
इसके बाद भास्कर खुल्बे शाम को त्रिवेणी घाट पर सांध्यकालीन आरती में शामिल हुए। यहां गंगा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राहुल शर्मा और अन्य पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। निरीक्षण और गंगा आरती दौरान सचिव प्रधानमंत्री कार्यालय में अंडर सचिव मंगेश घिल्डियाल, पर्यटन सचिव उत्तराखंड दिलीप जावलकर, जिलाधिकारी डॉ. राजेश कुमार, उपजिलाधिकारी डॉ. अपूर्वा पांडेय, लेखपाल सतीश जोशी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री के सलाहकार ने जीएमवीएन के गंगा रिसोर्ट में रात्रि विश्राम किया।