विशाल सींग वाले नंदी महाराज (नाम गोपाल) का नारायणबगड़ के लोगों ने दर्शन और पूजा-अर्चना कर स्वागत किया। श्रद्धा और आस्था के साथ ही आश्चर्य व कौतुहल बने नंदी महाराज को देखने के लिए लोगों का दिनभर तांता लगा रहा। नंदी के साथ कई भक्त भी साथ चल रहे हैं जो उज्जैन से आए हैं।
महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के शनि शिंगणापुर घोड़ेगांव से चलकर यहां पहुंचे नंदी महाराज (गोपाल) मंगलवार को चमोली जिले के पिंडर घाटी के नारायणबगड़ पहुंचे तो उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने नंदी महाराज की पूजा कर उन्हें भेंट चढ़ाई तो दूसरी ओर नंदी महाराज की कदकाठी और विशाल सींग लोगों के लिए कौतुहल का विषय बने रहे। लोगों ने नंदी महाराज से मनौतियां मांगीं और सेल्फी ली। नंदी महाराज गोपाल के साथ-साथ चल रहे चेतन गोडे, गणेश कानडे़, मछेंद्र ढोटीराम कानडे ने बताया कि वे नंदी महाराज के साथ उज्जैन से चलकर बदरीनाथ, केदारनाथ व चार धाम मंदिर में दर्शनों के लिए आते हैं। गणेश कानडे ने बताया कि नंदी बहुत सारी बॉलीवुड फिल्मों में दिख चुके हैं। इनमें जान, भाई-भाई, प्यार किया तो डरना क्या और ओम नम: शिवाय शामिल है। नंदी महाराज और उनके साथ चल रहे उनके साथी कुमाऊं क्षेत्र से होकर अब गढ़वाल क्षेत्र में भ्रमण करते हुए चारधाम पहुंचेंगे।