चमोली जिले में शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक हुई मूसलाधार बारिश से पीपलकोटी-बेमरू मोटर मार्ग बेलीखेत से बेमरू के बीच कई जगह पर बंद हो गया है। साथ ही पीपलकोटी से बेमरू-स्यूण पैदल मार्ग भी जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गया है।
मार्ग बंद होने से बेमरू, मठ-झडेता, स्यूण, डुमक गांव के लोगों की आवाजाही ठप हो गई है। हाल ही में लोनिवि ने लुदाऊ गदेरे पर लकड़ी की कच्ची पुलिया बनाई थी, जो बीती रात गदेरे के उफान पर आने से बह गई है। इसके अलावा बेमरू, जखनार तोक, मरछवाड़ी तोक की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से यहां पानी की समस्या खड़ी हो गई है। बीती 31 जुलाई को भी पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने पर जल संस्थान ने हाल ही में लाइन को जोड़ा था, लेकिन फिर लाइन टूटने से गांवों में पानी का संकट खड़ा हो गया है। संवाद