बदरीनाथ धाम में चल रहे अवैध निर्माण पर नगर पंचायत बदरीनाथ ने सख्त रुख दिखाते हुए कई जगहों पर निर्माण कार्य रुकवा दिए हैं। धाम में अंतरराज्यीय बस अड्डे के समीप चल रहे दुमंजिला भवन निर्माण का काम रुकवाकर मजदूरों के हथियार भी जब्त कर दिए गए हैं।
बदरीनाथ धाम में जिला विकास प्राधिकरण की अनुमति के बिना ही प्रशासन की नाक के नीचे अवैध निर्माण कार्य जोरों पर चल रहे हैं। धाम में मास्टर प्लान के तहत जो जगह चिह्नित की गई हैं, वहां भी अवैध निर्माण कार्य हो रहे हैं। पांच अक्तूबर के अंक में अमर उजाला ने ‘बदरीनाथ धाम में अवैध निर्माण कार्यों की बाढ़’ शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी, जिसका सोमवार को नगर पंचायत बदरीनाथ ने संज्ञान लिया और धाम में अवैध निर्माण कार्यों को रुकवा दिया और निर्माण में लगे मजदूरों के हथियारों को जब्त कर दिया है। बता दें कि डीएम हिमांशु खुराना ने बदरीनाथ में निर्माण कार्यों पर रोक लगाने के आदेश दिए हैं। उन्होंने धाम में निर्माण सामग्री ले जाने पर भी रोक लगाई हुई है। इसके बाद भी धाम में धड़ल्ले से निर्माण सामग्री से भरे ट्रक पहुंच रहे हैं। इधर, नगर पंचायत बदरीनाथ के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित ने बताया कि नगर पंचायत की ओर से धाम में चल रहे अवैध निर्माण कार्यों को रुकवा दिया है।