फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Chamoli News ›   More than 150 villages covered with snow in Chamoli district

चमोली जिले में 150 से अधिक गांव बर्फ से ढके

Thu, 03 Feb 2022 07:24 PM IST
Dehradun Bureau देहरादून ब्यूरो
Updated Thu, 03 Feb 2022 07:24 PM IST
विज्ञापन
More than 150 villages covered with snow in Chamoli district
बदरीनाथ हाईवे पर जोशीमठ के समीप बर्फबारी के कारण लगा वाहनों का जाम। - फोटो : GOPESHWAR
चमोली जिले में बारिश और बर्फबारी से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बृहस्पतिवार को तड़के से जिले में बारिश-बर्फबारी का दौर जारी है। जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों के जहां 150 से अधिक गांव बर्फ से ढक गए हैं। वहीं बर्फबारी से बदरीनाथ हाईवे जोशीमठ के जोगीधारा से आगे और रुद्रप्रयाग-पोखरी, जोशीमठ-मलारी और जोशीमठ-औली मार्ग भी बंद हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों पैदल रास्ते और खेत-खलियान बर्फ से ढक गए हैं। बदरीनाथ धाम में दो और हेमकुंड साहिब में तीन फीट तक बर्फ जम गई है।
विज्ञापन

बृहस्पतिवार को बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब के साथ ही फूलों की घाटी, औली, गौरसों बुग्याल, रुद्रनाथ, लाल माटी के साथ ही जोशीमठ, घिंघराण, सुतोल, कनोल, डुमक, कलगोठ, उर्गम, भेंटी, सुरांईथोटा, भल्लागांव, पाणा, ईराणी, झींझी आदि गांवों में दिनभर बर्फबारी हुई। बदरीनाथ धाम में करीब दो और हेमकुंड साहिब में तीन फीट तक ताजी बर्फ जम गई है। वहीं जोशीमठ और घिंघराण क्षेत्र में साल की पहली बर्फबारी हुई है, जिससे यहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड से बचने के लिए लोग दिनभर घरों में दुबके रहे। वहीं लोहाजंग क्षेत्र में सड़क पर बिछी बर्फ से वाहन रपट रहे हैं। घूनी और रामणी गांव को जोड़ने वाली सड़कों पर भी वाहनों की आवाजाही मुश्किल से हो पा रही है।
विज्ञापन

बदरीनाथ हाईवे पर जोशीमठ के समीप जोगीधारा से आगे बर्फ जमी होने से यहां वाहन रपट रहे हैं। वहीं पोखरी क्षेत्र में भी जमकर बर्फबारी हुई है। पोखरी रोड पर कनकचौंरी से मोहनखाल, उडामांडा, पोखरी तक बर्फ की मोटी चादर बिछ गई है, जिससे वाहनों की आवाजाही थम गई है। थाला गांव के ओम प्रकाश थपलियाल ने बताया कि थाला गांव में भी चारों ओर बर्फ जम गई है। पैदल रास्ते फिसलन भरे हो गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

थराली के 30 से अधिक गांवों का संपर्क कटा
बारिश और बारिश से बढ़ी दुश्वारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग/गैरसैंण/थराली/देवाल। अचानक मौसम का मिजाज बदला और बृहस्पतिवार सुबह से ही बारिश और बर्फबारी होने लगी। गैरसैंण नगर में कई वर्षों बाद हिमपात हुआ। जबकि थराली में बारिश और बर्फबारी से करीब 30 से अधिक गांवों का संपर्क कट गया है। वहीं रूपकुंड, वेदनी आली बुग्याल, बगुवावास, ब्रह्मताल, बगजी बुग्याल में करीब दो से तीन फीट बर्फ गिरी।

गैरसैंण के कुणीखेम, छड़ीसैंण, गौल, रूहेड़ा, आंद्रपा, पंचाली, मठकोट, पज्याणा, मेहरगांव, रामड़ा, सारकोट, परवाड़ी, फरकंडे, घंडियाल, भराड़ीसैंण, सलियाणा, गैड़, घारगैड़ में बर्फबारी हुई जो देर शाम तक होती रही। कालीमाटी से खेती तक सड़क पर बर्फबारी होने से कई वाहन वहां फंसे रहे। वहीं थराली के रतगांव, कोलपुड़ी, बमोटिया, हरिनगर लेटाल, गुमड़, रूईसाण, डुंग्री गांव में दो फीट बर्फ गिरी। यहां कई गांवों का आपस में संपर्क कट गया है। वहीं ब्रह्मताल, भेंकलताल, लोहाजंग, वेदनी में पर्यटक बर्फबारी का लुत्फ उठाने पहुंचे। बधाणगढ़ी का मंदिर भी बर्फ से ढक गया। ग्वालदम, वांण, डुंग्री, रतगांव, कोलपुड़ी, वेदनी, ब्रहमताल, पारथा, सहित सोल घाटी और रूपकुंड वैली में बर्फबारी हो रही। रतगांव, ब्रह्मताल, लोहाजंग, आईजन टॉप और वांण में भी पर्यटकों ने बर्फबारी का खूब आनंद उठाया। कुलिंग के भुवन बिष्ट ने कहा कि ब्रह्मताल में 26 और वेदनी में पांच पर्यटक पहुंचे हैं। वहीं बारिश से कर्णप्रयाग, सिमली, लंगासू, आदिबदरी, नौटी, नंदासैंण सहित ग्रामीण क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। वहीं सिमली-शैलेश्वर, सिमली-बेनीताल, सिरण-एंड सड़कों पर बारिश के दौरान पत्थर गिरने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed