बदरीनाथ विधायक राजेंद्र भंडारी ने मंगलवार को आपदा प्रभावित पाणा, ईराणी, निजमुला गांव का भ्रमण कर आपदा प्रभावितों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को शीघ्र ग्रामीणों की आवाजाही के लिए वीर गंगा पर अस्थायी पुलिया निर्माण करने और सड़क निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बीते 31 जुलाई को अतिवृष्टि से वीर गंगा का जलस्तर बढ़ गया था जिससे यहां स्थापित दो पैदल पुलिया बह गई थीं। तब से स्कूली बच्चों के साथ ही स्थानीय लोगों को आवाजाही की दिक्कत बनी हुई है। विधायक ने कहा कि सड़क न होने के कारण ग्रामीणों को आज भी करीब आठ किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। उन्होंने ग्रामीणों की आवाजाही के लिए वीर गंगा पर फिलहाल अस्थायी पुलिया बनाने और स्थायी पुल निर्माण की कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद विधायक ने दुर्मी गांव में राजकीय उच्चत्तर माध्यमिक और राजकीय प्राथमिक विद्यालय भवनों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने दूरभाष पर मुख्य शिक्षा अधिकारी कुलदीप गैरोला से संपर्क कर विद्यालय भवनों के छतों की मरम्मत करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि बारिश होने पर विद्यालय के कक्ष पानी से भर जाते हैं। इस मौके पर ग्राम प्रधान मोहन सिंह नेगी, प्रधान कलावती देवी, उपप्रधान करण सिंह, सुंदर फरस्वाण, मोहन पहाड़ी, थान सिंह, मकर सिंह, ज्ञान सिंह आदि मौजूद रहे।