राजकीय उद्यान कोठियालसैंण में दो दिवसीय सिट्रल कार्निवल (सिट्रिक एसिड वाले फलों की प्रदर्शनी) का जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने शुभारंभ किया। इस दौरान विभिन्न प्रजाति के माल्टा, गलगल, कागजी, नींबू, यूरेका, संतरा, नारंगी और इन फलों से तैयार जूस और अचार आदि की प्रदर्शनी लगाई गई। इस दौरान डीएम ने कृषकों से अपनी जमीन को अच्छी तकनीकी के साथ व्यावसायिक रूप में उपयोग करने का आह्वान किया। साथ ही मुख्य उद्यान अधिकारी को कृषकों के उत्पादों को प्रमोट करने के लिए अच्छी पैकेजिंग की दिशा में ठोस योजना बनाने के निर्देश दिए।
डीएम ने सिट्रल कार्निवल में विभिन्न प्रजाति के फलों और उत्पादों की प्रदर्शनी का निरीक्षण करते हुए अच्छी पैकेजिंग पर जोर दिया। उन्होंने कार्निवल में आए प्रगतिशील कृषकों से कहा कि वे समूह बनाकर नई तकनीकी के साथ काम करें और उत्पादन बढ़ाएं। समूह के साथ काम करने से अच्छे दाम भी मिलेंगे। कहा कि इस फेस्टेविल के माध्यम से विभिन्न प्रजाति के उत्पादों और उत्पादन की विधि की जानकारी दी जा रही है। मुख्य विकास अधिकारी वरुण चौधरी ने बताया कि कार्निवल में पशुपालन, मत्स्य, उद्योग एवं विभिन्न स्वयं सहायता समूहों के स्टाल भी लगाए गए हैं। मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह ने कहा कि जिले में सेब के बाद सबसे अधिक मात्रा में सिट्रल फलों का उत्पादन होता है।