चमोली: परिजनों ने दो लाख रुपये जमा कर घायल को एयरलिफ्ट कर पहुंचाया अस्पताल
- खर्च खुद वहन करने की बात के बाद डीएम ने मंगाया हेलीकॉप्टर
विस्तार
उत्तराखंड के चमोली जिले की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर बृहस्पतिवार को तब फिर नजर आई, जब परिजनों को गंभीर घायल को निजी खर्चे पर एयरलिफ्ट कराना पड़ा। तमाम जनप्रतिनिधियों ने जब हाथ खड़े कर दिए तो परिजनों को स्वयं दो लाख रुपये जमा कर घायल को हेलीकॉप्टर से ऋषिकेश अस्पताल पहुंचाया।
बुधवार रात उस्तोली घाट निवासी प्रदीप सिंह (26) पुत्र दिगपाल सिंह रात को घाट बाजार से खाना खाने के बाद कमरे में लौट रहा था, लेकिन घर के पास ही वह गिर गया और गंभीर रूप घायल हो गया।
सुबह किसी ने उसे घायल स्थिति में देखा और ग्राम प्रधान महावीर रावत को इसकी जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन पूरी रात ठंड में पड़ा होने के चलते उसकी हालत काफी गंभीर हो गई थी।
परिजन उसे सीएचसी घाट ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल गोपेश्वर रेफर किया। मगर यहां पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं न होने और स्थिति में सुधार नहीं होने पर उसे ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।
परिजनों ने उसे दोपहर दो बजे सड़क मार्ग से ले जाना चाहा लेकिन इसमें काफी देर लगती। ऐसे में परिजनों ने उसे हेलीकॉप्टर से ऋषिकेश ले जाने पर विचार किया, लेकिन तमाम जनप्रतिनिधियों से संपर्क करने के बाद भी कोई व्यवस्था नहीं हो पाई।
उसके बाद परिजनों ने हेलीकॉप्टर का खर्च खुद वहन करने की बात कही, जिसके बाद डीएम ने यूकाडा से संपर्क कर हेलीकॉप्टर मंगाया और प्रदीप को एयरलिफ्ट कर ऋषिकेश पहुंचाया गया। जहां उसका एम्स में उपचार चल रहा है।