डिम्मर ग्राम पंचायत के गोपथला गांव में तीन महीनों से पेयजल आपूर्ति ठप होने से ग्रामीण परेशान हैं। गांव में रह रहे बुजुर्गों तक को एक किलोमीटर दूर पौराणिक धारे से पानी लाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
83 वर्षीय देवी प्रसाद डिमरी ने बताया कि गांव में रह रहे 10 परिवारों के सदस्य 70 वर्ष की उम्र से अधिक हैं। 25 वर्ष पूर्व ग्वाड़ गदेरे से गोपथला-धारडुंग्री-नाकोट और डिम्मर तक पेयजल लाइन बिछाई गई थी, लेकिन अब तीन महीनों से गांव पेयजल आपूर्ति ठप है। गर्मी के कारण स्रोत सूखने से गांव में रह रहे बुजुर्गों को एक किमी दूर स्थित पौराणिक धारे से पीने का पानी लाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि कि कई बार जल संस्थान के अधिकारियों से ग्वाड़ पेयजल स्रोत से आ रही लाइन को दुरुस्त कर पीने का पानी उपलब्ध कराने की मांग की गई लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। गिरीश डिमरी, नरेंद्र डिमरी, कमला देवी, जयंती देवी, प्रेम डिमरी, मनीष डिमरी ने कहा कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जल संस्थान कार्यालय में खाली बर्तनों के साथ आंदोलन करेंगे। वहीं जल संस्थान के अवर अभियंता एमएस राणा ने कहा कि ग्वाड़ पेयजल योजना के क्षतिग्रस्त पाइपों को बदलने का काम किया जा रहा है। दो दिन में पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।