प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पांच नवंबर को प्रस्तावित केदारनाथ दौरे को लेकर चमोली प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। मौसम की खराबी या अन्य कारणों से गौचर में संभावित इमरजेंसी लैंडिंग की वैकल्पिक व्यवस्थाओं को लेकर शनिवार को डीएम हिमांशु खुराना एवं एसपी यशवंत चौहान ने संबधित अधिकारियों के साथ गौचर हवाई पट्टी पर तैयारियों का जायजा लिया।
डीएम ने गौचर में हवाई पट्टी, सेफ हाउस, यातायात, सुरक्षा, सफाई और ठहरने की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान हवाई पट्टी से लेकर आईटीबीपी कैंप तक यातायात व सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने पर चर्चा की। निरीक्षण के दौरान एसडीएम संतोष कुमार पांडेय, वरिष्ठ सर्जन डा. राजीव शर्मा, एनएचआईडीसीएल के जीएम संदीप कार्की, ईई लोनिवि सुनील बिजलवाण, ईई जल संस्थान मुकेश कुमार और थाना प्रभारी राकेश गुर्साइं आदि मौजूद थे।