नंदाधाम नंदकेशरी में आयोजित एक दिवसीय मेले में गढ़वाल और कुमाऊं के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। इस दौरान धरातल्ला से नंदकेशरी गुप्त गंगा तक देव यात्रा निकाली गई।
नंदकेशरी मंदिर में मेले का आयोजन कोठी व धरातल्ला के ग्रामीणों की ओर से किया जाता है। सोमवार को धरातल्ला मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद धरातल्ला के ग्रामीणों ने ढोल, दमाऊं आदि वाद्ययंत्रों के साथ देव यात्रा निकाली जो नंदकेशरी गुप्त गंगा में पहुंची। गुप्त गंगा में पश्वा ने स्नान किया इसके बाद देव यात्रा नंदकेशरी मंदिर पहुंची। यहां देवी देवताओं के मिलन के बाद शाम चार बजे देवनृत्य का आयोजन हुआ। देव नृत्य के साथ झोड़ा व चाचड़ी का भी आयोजन किया गया। यहां आयोजित मेले में काफी संख्या में हल्द्वानी, काशीपुर, रामनगर, अल्मोड़ा, ऋषिकेश आदि शहरों के व्यापारी यहां पर पहुंचे। बाजार व मंदिर परिसर में सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर में पूजा करने के लिए श्रद्धालुओं को दो से तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इस दौरान पुलिस को शांति व्यवस्था बनाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद शाम पांच बजे देव यात्रा धरातल्ला मंदिर के लिए रवाना हो गई। इस मौके पर कोठी के ग्राम प्रधान पुष्पा, धरातल्ला के प्रधान कला बिष्ट, पुजारी दयाल रावत, अनक पाल सिंह, गोपाल सिंह और दलबीर सिंह आदि मौजूद रहे।