श्री नंदा महिला लोक विकास समिति ने पहाड़ी उत्पादों को बाजार में उपलब्ध कराने की मुहिम शुरू कर दी है। समिति की ओर से आयोजित बैठक में दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में उत्पादित फल, सब्जी, दाल, मसाला आदि उत्पादों को बाजार में उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि समूह से जुड़े लोग स्वयं बाजारों में जाकर व्यापारियों से डिमांड करेंगे। इसके बाद समूहों के माध्यम से ही विपणन की व्यवस्था कराई जाएगी।
जयदीप भवन में आयोजित बैठक में समिति की सचिव डा. किरन पुरोहित ने कहा कि कृषक उत्पादक संगठनों की ओर से उत्पादित उत्पादों को हिमालयन नेचुरल च्वॉइस के नाम से ब्रांडिंग की जाएगी। कहा कि जिले के अधिकांश हिस्सों में जैविक उत्पाद होता है, जिसकी बाजार में भारी डिमांड बढ़ रही है। विभिन्न सहकारिता समितियों की ओर से औषधीय पौधों के साथ ही मसाले, रामदाना, राजमा, माल्टा, सेब, दाल, पहाड़ी आलू, गोभी, मटर, आंवला, बुरांश आदि का उत्पादन किया जाता है। बैठक में एटीजी शौर्य शॉल्यूशन वेलनेश कंपनी के डायरेक्टर संदीप उपाध्याय, कपिल, निजमुला ग्रोवर्स स्वायत्त सहकारिता के सीईओ जीतेंद्र कठैत, नगर पालिका सभासद हरि प्रसाद ममगाईं, ऊषा रावत, आशा रावत, प्रकाश बिष्ट, सुहानी खाती, रेखा बिष्ट, किरन और इंदु आदि मौजूद थे।