पेट्रोल टैंकर में अवैध रूप से बिरोजा और तारपीन ले जाने पर थराली पुलिस ने वाहन चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही टैंकर को सीज कर दिया। टैंकर कौसानी से कर्णप्रयाग ले जाया जा रहा था।
रविवार को पुलिस को पेट्रोल टैंकर में बिरोजा (चीड़ के पेड़ से निकलने वाला तरल पदार्थ) और तारपीन ले जाने की सूचना मिली, जिस पर थाना पुलिस और बदरीनाथ वन प्रभाग की संयुक्त टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान पेट्रोल टैंकर को रोक लिया। वन क्षेत्राधिकारी हरीश थपलियाल व उनकी टीम ने टैंकर का निरीक्षण किया तो इसमें 335 कनस्तर बिरोजा और 2500 लीटर तारपीन का तेल बरामद किया गया। यह वन उपज अवैध रूप से ले जाई जा रही थी, जिस पर पुलिस ने चालक बहादुर सिंह बोरा निवासी कछलापुर, थाना मुक्तेश्वर, नैनीताल और परिचालक जगदीश चंद्र निवासी मौरनौला, तड़ेनी, थाना लमगड़, अल्मोड़ा को गिरफ्तार कर लिया और ट्रक सीज कर दिया। बदरीनाथ वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी आशुतोष सिंह ने बताया कि वन उत्पादन का अवैध परिवहन भारतीय वन अधिनियम 1927 के तहत अपराध है। वन विभाग की शुरुआती जांच में बताया गया कि यह टैंकर कौसानी से कर्णप्रयाग ले जाया जा रहा था। जांच टीम में थानाध्यक्ष डीएस पंवार, वन क्षेत्राधिकारी हरीश थपलियाल, मक्खन लाल और रघुवीर लाल आदि मौजूद थे।