विज्ञान वर्ग से पढ़ाई कर रहे छात्रों के लिए खुशखबरी, सरकार देगी स्कॉलरशिप, ऐसे करें आवेदन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञान वर्ग से पढ़ाई कर रहे 11वीं, 12वीं, स्नातक प्रथम वर्ष और परास्नातक प्रथम वर्ष के छात्रों के लिए खुशखबरी है। केंद्र सरकार के डिपार्टमेंट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (डीएसटी) ने ऐसे छात्रों के लिए किशोर वैज्ञानिक प्रोत्साहन योजना (केवीपीवाई) के तहत स्कॉलरशिप ऑफर की है।
इसके लिए तीन अलग-अलग कैटेगरी में डीएसटी ने ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। 20 अगस्त तक छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकते हैं। कानपुर के डीएसटी के सचिव और आईआईटी के सीनियर प्रोफेसर आशुतोष शर्मा ने बताया कि इस योजना के तहत आवेदन करने वाले छात्रों की परीक्षा तीन नवंबर को होगी।
अंग्रेजी में होगा कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट
परीक्षार्थियों के लिए अंग्रेजी में कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट होगा। परीक्षा का आयोजन इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंसेज, बंगलूरू की तरफ से किया जाएगा। इसके लिए कुल 54 शहरों में केंद्र बनाए जाएंगे। पहली पाली सुबह नौ से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी और दूसरी पाली दोपहर दो से शाम पांच बजे तक चलेगी। परीक्षा सौ अंकों की होगी।
इन कैटेगरी में ये छात्र कर सकते हैं आवेदन
एसए: ऐसे छात्र जिनके हाईस्कूल में मैथमेटिक्स और विज्ञान में न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक हों और 11वीं में एडमिशन लिया हो। एससी-एसटी और पीडब्ल्यूडी के छात्रों के लिए 65 प्रतिशत अंक हाईस्कूल में अनिवार्य हैं। इस कैटेगरी में कुल 75 छात्रों का चयन किया जाएगा।
एसएक्स: ऐसे छात्र जो 12वीं विज्ञान वर्ग में एडमिशन लेने वाले हों और हाईस्कूल में न्यूनतम अंक 75 प्रतिशत हों। इस कैटेगरी में 66 छात्रों का चयन किया जाएगा।
एसबी: बेसिक साइंस (फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथमेटिक्स और बायोलॉजी) से स्नातक या बीएससी, बीएस, बी मैथ्स, बी स्टेटिस्टिक्स, एमएस, एमएससी के प्रथम वर्ष में दाखिला लिया हो, वे आवेदन कर सकते हैं। ऐसे उम्मीदवारों के 12वीं में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक होने चाहिए। जिन्होंने परास्नातक में दाखिला लिया हो उनके लिए स्नातक में 60 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। इस कैटेगरी में 144 छात्रों का चयन किया जाएगा।