TikTok को नए यूजर्स नहीं कर सकेंगे डाउनलोड, भारत में हो सकता है बैन

TikTok काफी पॉपुलर ऐप बन चुकी है, इस ऐप को दुनियाभर में करीब 100 करोड़ से ज्यादा बार डाउनलोड भी किया जा चुका है। लेकिन अब TikTok को तगड़ा झटका लगा है। भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने Google और Apple से ये एप हटाने को कहा है। इससे पहले सोमवार को सुप्रीम कोर्ट कोर्ट ने कहा था कि यह चाइनीज एप बच्चों के लिए खतरनाक है।
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को मद्रास हाई कोर्ट की तरफ से इस एप पर लगाई गई पाबंदी पर स्टे देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद मिनिस्ट्री ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स ऐंड इंफॉर्मेशन टेक्नॉलजी (Meity) ने यह कदम उठाया है। सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस रंजन गोगोई की अगुवाई वाली बेंच ने इस मामले की सुनवाई की अगली तारीख 22 अप्रैल रखी है, क्योंकि मद्रास हाई कोर्ट 16 अप्रैल को इस मामले की सुनवाई कर सकता है। याद रहे जिन लोगों के फ़ोन में पहले से ही TikTok एप डाउनलोड है, केवल वही इसका इस्तेमाल कर सकेंगे। नए यूजर्स इसे डाउनलोड नहीं कर सकेंगे।
मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै पीठ ने 3 अप्रैल को एक आदेश पारित कर सरकार को आदेश दिया था कि देश में TikTok के डाउनलोड पर रोक लगाई जाए। फिर इस मामले को सुप्रीम कोर्ट ले जाया गया, जिसने इस आधार पर आदेश को रोकने से इनकार कर दिया कि यह मामला अभी भी विचाराधीन है।
वहीं न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक TikTok ने अपने बचाव में कहा है कि इसे उस तरह की सामग्री के लिए उत्तरदायी नहीं ठहराया जा सकता है, जो प्लेटफ़ॉर्म पर अन्य लोगों द्वारा अपलोड किया जाता है।
आपको बता दें कि TikTok कंपनी के अधिकार चीनी कंपनी बाइटडांस (Bytedance) के पास है, जो दुनिया की सबसे ज्यादा वैल्यू वाली स्टार्टअप कंपनी है। पिछले एक साल में TikTok ऐप तेजी से लोकप्रिय हुआ है। पहले इसका नाम musically रखा गया था लेकिन बाद इस नाम को बदलकर TikTok कर दिया गया। इस ऐप को दुनियाभर में तकरीबन 100 करोड़ से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है।