Tech Tips: अपने पैसों को इस तरह से करें सुरक्षित, क्रेडिट कार्ड साइबर फ्रॉड से बचाव में काम आएंगे ये टिप्स
क्रेडिट कार्ड को साइबर अपराध से सुरक्षित रखने के लिए लोग कई काम करते हैं। मगर लोगों को इसकी जानकारी नहीं होती है। ऐसे में इस खबर में जानिए किस तरह से क्रेडिट कार्ड को साइबर अपराध से बचाया जा सकता है।

विस्तार
देश समेत दुनियाभर में तकनीक का जिस तरह से विकास हो रहा है, उसी तरह से साइबर फ्रॉड भी बढ़ रहा है। आज के समय में भले ही यूपीआई के जरिए लेनदेन का चलन बढ़ गया है, मगर अभी भी काफी लोग क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं। क्रेडिट कार्ड की कई संवेदनशील जानकारी होती है, जिसे सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है। इसमें कार्ड नंबर, सीवीवी नंबर और पिन आदि शामिल है।
क्रेडिट कार्ड के जरिए होने वाले कई फ्रॉड्स के सामने आने के बाद लोगों में काफी जागरुकता बढ़ी है। हालांकि, इसके बाद भी लोग लगातार वित्तीय नुकसान का सामना कर रहे हैं। आगे जानिए किस तरह से क्रेडिट कार्ड फ्रॉड से बचा जा सकता है।
- साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच क्रेडिट कार्ड के लेनदेन पर लगातार नजर रखनी चाहिए। अगर क्रेडिट कार्ड के स्टेटमेंट में किसी तरह का बदलाव नजर आए तो इसकी रिपोर्ट करें।
- क्रेडिट कार्ड को सुरक्षित रखने के लिए अपने बैंक में अलर्ट शुरू करवा सकते हैं। इस सुविधा की वजह से कभी भी क्रेडिट कार्ड से लेनदेन होगा तो आपके पास मैसेज आ जाएगा।
- आजकल अधिकतर लोग ऑनलाइन खरीदारी करते वक्त यूपीआई का इस्तेमाल करते हैं, मगर जो लोग अभी भी पेमेंट के लिए क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं, उन्हें एक मजबूत पासवर्ड रखना चाहिए। पासवर्ड में मुश्किल अक्षरों जैसे हैशटैग और डॉलर के साइन का इस्तेमाल करें।
- साइबर अपराध से बचने के लिए टू फैक्टर ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसा करने से ऑनलाइन अकाउंट सुरक्षित और साइबर फ्रॉड से अतिरिक्त कवच मिल जाएगा।
- ऑनलाइन माध्यम से खरीदारी करने वालों को अक्सर फिशिंग स्कैम से सावधान रहना चाहिए। फिशिंग स्कैम में एक फर्जी मैसेज या ईमेल आता है कि आपको एक ऑफर मिला है। ऐसे में किसी भी अनजान मैसेज या फिर ईमेल पर क्लिक करने से बचें।
- आज के समय में साइबर सुरक्षा पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है। ऐसे में कई बैंक क्रेडिट कार्ड के वर्चुअल नंबर देते हैं। वर्चुअल नंबरों का इस्तेमाल करके कार्ड की असली पहचान को छुपाया जा सकता है। यह कुछ समय के लिए ही जारी किए जाते हैं और इनके इस्तेमाल से कोई साइबर खतरा नहीं रहता है।
- क्रेडिट कार्ड के स्कैम से बचने के लिए अपने डिवाइस को मैलवेयर और वायरस से बचाकर रखें। साथ ही डिवाइस में किसी थर्ड पार्टी एप्स को अवैध तरीके से डाउनलोड करने से बचें। इसके अलावा किसी असुरक्षित वाईफाई का इस्तेमाल न करें, वरना डिवाइस के डेटा को नुकसान हो सकता है।