D2D: फोन पर बात करने के लिए नहीं होगी किसी सिम कार्ड की जरूरत, नई टेक्नोलॉजी पर काम कर रही भारत सरकार
D2D कॉलिंग के तहत यूजर्स एक दूसरे से बिना सिम कार्ड या अतिरिक्त नेटवर्क ऑडियो और वीडियो कॉल कर सकेंगे। D2D टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल एंड्रॉयड और आईओएस के अलावा तमाम स्मार्ट डिवाइस के साथ किया जा सकेगा।

विस्तार
जरा सोचिए कि आपके पास ऐसा कोई स्मार्टफोन हो जिससे आप बिना सिम कार्ड भी कॉलिंग कर सकें और किसी से बात कर सकें। यह थोड़ा मजाकिया लग रहा है लेकिन यह हकीकत में बदलने वाला है। हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं, क्योंकि जल्द ही आपको एक ऐसी टेक्नोलॉजी मिलने वाली है जिसकी मदद से आप बिना सिम कार्ड भी किसी से फोन पर बात कर सकेंगे। इस टेक्नोलॉजी का नाम डायरेक्ट टू डिवाइस (D2D) है।
D2D कॉलिंग की शुरुआत सरकारी कंपनी BSNL की ओर से होगी। बीएसएनएल ने D2D कॉलिंग का ट्रायल भी पूरा कर लिया है। D2D कॉलिंग सुविधा के लिए बीएसएनएल ने ग्लोबल सैटेलाइट कम्युनिकेशन फर्म Viasat के साथ साझेदारी की है। D2D कॉलिंग के तहत यूजर्स एक दूसरे से बिना सिम कार्ड या अतिरिक्त नेटवर्क ऑडियो और वीडियो कॉल कर सकेंगे। D2D टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल एंड्रॉयड और आईओएस के अलावा तमाम स्मार्ट डिवाइस के साथ किया जा सकेगा जिनमें स्मार्टवॉच भी शामिल हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि D2D टेक्नोलॉजी उन इलाकों में भी काम करेगी जहां कोई भी नेटवर्क उपलब्ध नहीं है।
Viasat की Direct-to-Device कनेक्टिविटी एक क्रांतिकारी तकनीक है जो मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच और यहां तक कि कारों को भी सीधा सैटेलाइट नेटवर्क से कनेक्ट करने में सक्षम बनाती है। यह तकनीक व्यक्तिगत और डिवाइस कम्युनिकेशन दोनों के लिए डिजाइन की गई है, जो किसी भी लोकेशन से विश्वसनीय कनेक्टिविटी प्रदान करती है, खासकर दूरदराज और कम सेवा वाले क्षेत्रों में।