एक गलत क्लिक और बैंक अकाउंट खाली, महिला ने डिलीवरी स्कैम में गंवाए 1.38 लाख रुपये, जानें बचने का तरीका
Online Scam: महिला ने लिंक के जरिए 5 रुपये का पेमेंट किया। हालांकि, पेमेंट के बाद उसे एक बार फिर अतिरिक्त शुल्क के रूप में 5 रुपये का पेमेंट करने के लिए कहा गया।

विस्तार
भारत में अब ऑनलाइन स्कैम के मामलों लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पिछले कुछ महीनों में हजारों लोग अज्ञात साइबर हैकर्स के शिकार बने हैं और उन्हें लाखों रुपये का नुकसान झेलना पड़ा है। ऐसा ही एक मामला गुजरात के अहमदाबाद से सामने आया है, जहां एक महिला ने कथित तौर पर कूरियर डिलीवरी स्कैम में फंसकर 1.38 लाख रुपये गंवा दिए है। स्कैमर्स ने पीड़ित से पार्सल प्राप्त करने के लिए 5 रुपये का शुल्क देने का अनुरोध किया था और यहीं से स्कैम की शुरुआत हुई।
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 25 वर्षीय फैशन डिजाइनर मितीक्षा शेठ कपड़े के टुकड़ों के पार्सल का इंतजार कर रही थी जो उसने पालडी में एक दर्जी को सिलने के लिए दिया था। ऑर्डर पूरा होने के बाद, दर्जी ने उसे जानकारी दी कि ऑर्डर डिलीवरी के लिए भेज दिया गया है। हालांकि, कॉल के 2-3 दिन बाद भी जब पीड़िता को उसका पार्सल नहीं मिला, तो उसने दर्जी द्वारा दिए गए कूरियर डिटेल की मदद से ऑर्डर को ट्रैक करना शुरू किया।
एक वेबसाइट पर पार्सल को ट्रैक करने के कुछ मिनट बाद पीड़िता को एक अनजान व्यक्ति का फोन आया जिसने खुद को कूरियर फर्म का कर्मचारी बताया। कथित कर्मचारी ने महिला को बताया कि उसके पास उनका पार्सल है और डिलीवरी शुल्क का भुगतान करने के बाद इसे डिलीवर कर दिया जाएगा। उन्होंने महिला से पार्सल प्राप्त करने के लिए 5 रुपये का शुल्क देने की बात कही।
कॉल करने वाले स्कैमर ने पेमेंट के लिए महिला के साथ एक लिंक शेयर किया। महिला ने लिंक के जरिए 5 रुपये का पेमेंट कर दिया। हालांकि, पेमेंट के बाद उसे एक बार फिर अतिरिक्त शुल्क के रूप में 5 रुपये का पेमेंट करने के लिए कहा गया। महिला ने आगे बताया कि दूसरे लेनदेन के बाद, मुझे ऑनलाइन धोखाधड़ी का संदेह हुआ और इसलिए मैंने अपना बैंक अकाउंट डीएक्टिवेट कर दिया। मैंने 13 मई से 21 मई के बीच अपने सेलफोन का उपयोग नहीं किया क्योंकि मैं यात्रा पर थी।