Jio TV+: क्या है जियो का यह नया प्लेटफॉर्म और क्या हैं इसके फायदे?

विस्तार
रिलायंस जियो ने रिलायंस इंडस्ट्रीज की 43वीं एजीएम में जियो सेटटॉप बॉक्स यूजर्स के लिए नए प्लेटफॉर्म Jio TV+ का एलान किया है। जियो टीवी प्लस के जरिए जियो सेटटॉप बॉक्स के यूजर्स एक ही बार लॉगिन करके 12 ग्लोबल ओटीटी एप्स का इस्तेमाल कर सकेंगे। नियमित सर्च को बदलते हुए कंपनी ने जियो टीवी प्लस के साथ वॉयस सर्च का एलान किया है यानी अब बोलकर भी अपने टीवी पर कुछ सर्च कर सकेंगे।
Jio TV+ पर आप किसी अभिनेता के नाम से, डायरेक्टर के नाम से, फिल्म के जॉनर के नाम से, प्रोड्यूसर के नाम से और अपने मिजाज के हिसाब से बोलकर कंटेंट सर्च कर सकेंगे। आमतौर पर किसी भी स्मार्ट टीवी या सेटटॉप बॉक्स में अलग-अलग ओटीटी एप के लिए अलग-अलग साइनइन करना होता है लेकिन जियो टीवी प्लस के साथ ऐसा नहीं होगा।
जियो टीवी प्लस में जिन 12 ओटीटी एप्स का सपोर्ट दिया गया है उनमें नेटफ्लिक्स, अमेजन प्राइम वीडियो, डिज्नीप्लस हॉटस्टार, वूत, सोनी लीव, जी5, लायंसगेट प्ले, जियोसिनेमा, शिमारो, जियोसावन, यूट्यूब और इरोज नाउ के नाम शामिल हैं। कुल मिलाकर देखा जाए तो जियो टीवी प्लस प्लेटफॉर्म एक सिंगल साइनइन प्रोसेस है।
जियो टीवी प्लस प्लेटफॉर्म के जरिए यूजर्स किसी रियलिटी शो में अपने पसंदीदा अभिनेता या कंटेस्टेंट को वोट भी कर सकेंगे। खास बात यह है कि वोटिंग का प्रतिशत आपकी टीवी स्क्रीन पर रियल टाइम में दिखेगा। जियो सेटटॉप बॉक्स में जियो एप स्टोर का भी सपोर्ट मिलेगा।
जियो एप स्टोर पर मनोरंजन से लेकर न्यूज और स्वास्थ्य से संबंधित कई सारे एप्स मौजूद हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने डेवलपर्स को जियो एप स्टोर के लिए एप बनाने के लिए इनवाइट भी किया है। इसके लिए जियो डेवलपर्स प्रोग्राम भी लॉन्च किया गया है।