OPPO लॉन्च किया 125W का चार्जर, 65W का वायरलेस चार्जर भी हुआ पेश

तमाम लीक्स के बाद OPPO ने अपना अब तक का सबसे फास्ट चार्जर लॉन्च कर दिया है। ओप्पो के इस चार्जर की क्षमता 125वॉट है। इस फ्लैश फास्ट चार्जर के अलावा ओप्पो ने 65वॉट का एयरवूक वायरलेस फ्लैश चार्जर, 50वॉट का अल्ट्रा स्मॉल पोर्टेबल मिनी सुपरवूक चार्जर और 110वॉट का मिनी फ्लैश चार्जर भी पेश किया है। अपने इस फास्ट चार्जर से ओप्पो ने फास्ट चार्जिंग की दुनिया में नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
कंपनी का दावा है कि 65W AirVOOC वायरलेस चार्जर से वायर वाले चार्जर के मुकाबले फोन तेजी से चार्ज होगा। ओप्पो के चीफ चार्जिंग टेक्नोलॉजी साइंटिस्ट जेफ झांग ने कहा कि जल्द ही दुनिया के कई देशों में 5जी की सेवा शुरू होने वाली है जिसके बाद फोन के बैटरी की खपत भी बढ़ेगी। ऐसे में लोगों को फास्ट चार्जिंग की जरूरत पड़ेगी। बता दें कि ओप्पो ने साल 2014 में अपना पहला फास्ट चार्जर VOOC flash पेश किया था।
125वॉट के फास्ट चार्जर को लेकर कंपनी का दावा है कि 4000mAh की बैटरी महज पांच मिनट में 41% चार्ज हो जाएगी, जबकि 20 मिनट में बैटरी को फुल चार्ज किया जा सकेगा। इस चार्जर में 20V 6.25A पावर का सपोर्ट है। इस चार्जर में 10 टेंपरेचर इंडिकेटर भी हैं जो चार्जिंग के बारे में बताते हैं।
फास्ट वायरलेस चार्जर की बात करें तो 65W AirVOOC वायरलेस चार्जिंग की दुनिया का पहला 65वॉट वाला पहला फास्ट चार्जर है। आमतौर पर वायरलेस चार्जर में फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट नहीं मिलता है। 65वॉट का यह फास्ट चार्जर 4000mAh की बैटरी को 30 मिनट में फुल चार्ज करने में सक्षम है।