AI: आपको पता भी नहीं चला और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस रोजाना की जिंदगी का अहम हिस्सा बन गया, जानें डिटेल
एआई लोगों की जिंदगी में अहम भूमिका निभा रहा है। मगर लोगों को इस बारे में समझ ही नहीं आया कि कब और कैसे हुआ। इस खबर में जानिए एआई किस तरह से लोगों की रोजाना के कामों में मदद कर रहा है।

विस्तार
आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस यानी एआई का नाम सुनते या पढ़ते ही लोगों के मन में रोबोट का ध्यान आता है। मगर एआई की क्षमता रोबोट से कही आगे बढ़ चुकी है। एआई अब सिर्फ रोबोट तक सीमित नहीं है। एआई लोगों की रोजाना की जिंदगी पर भी गहरा प्रभाव डाल रहा है। एआई की मदद से मुश्किल से मुश्किल काम को कम समय में पूरा किया जा रहा है। इसमें गणित के कठिन सवाल का जवाब देना हो या फिर शतरंज की चाल हो। एआई सबकुछ आसानी से और कम समय में कर लेता है।
आजकल काफी टैक्सी बुकिंग एप्स का इस्तेमाल करते हैं। यह एप एआई की मदद से लोगों को बेहतर सुविधा देने का काम करते हैं। एआई की वजह से टैक्सी ड्राइवर मिनटों में आपके पास पहुंच जाता है। साथ ही ज्यादा मांग वाली जगहों पर विश्लेषण करके यह ड्राइवर्स की सहायता करता है। एआई की मदद से रास्ते पर मौजूद रियल टाइम ट्रैफिक को परखा जा सकता है और इसी हिसाब से रुट निर्धारित किया जा सकता है।
आपने फोन या अन्य डिवाइस में एलेक्सा, सिरी और गूगल होम जैसे वॉयस असिस्टेंस का इस्तेमाल किया होगा। ये सभी वॉयस असिस्टेंस एआई तकनीक पर काम करते हैं। एआई आवाज के जरिए मिले निर्देशों को पूरा करने के लिए पर्सनलाइडज्ड सर्च रिजल्ट करता है, ताकि यूजर को बेहतर परिणाम मिलें।