Unitree H1: उसैन बोल्ट की छुट्टी करने को तैयार चीनी रोबोट! बिजली की रफ्तार से दौड़ लगाकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
Unitree H1 Robot Speed Record:
चीन के स्टार्टअप यूनिट्री रोबोटिक्स ने अपने H1 ह्यूमनॉइड रोबोट के साथ दुनिया को चौंका दिया है। 10 मीटर प्रति सेकंड की रफ्तार छूकर इसने नया रिकॉर्ड बनाया है। यह गति दिग्गज धावक उसैन बोल्ट के रिकॉर्ड के बेहद करीब है।

विस्तार
चीनी रोबोटिक्स स्टार्टअप यूनिट्री रोबोटिक्स ने एक बार फिर दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है। कंपनी ने अपने लेटेस्ट ह्यूमनॉइड रोबोट H1 का एक वीडियो साझा किया है, जिसमें यह रोबोट एथलेटिक्स ट्रैक पर बिजली की रफ्तार से दौड़ता नजर आ रहा है। इस परीक्षण के दौरान H1 रोबोट ने 10 मीटर प्रति सेकंड की रफ्तार हासिल कर एक नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया है।
यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि यह दुनिया के सबसे तेज धावक उसैन बोल्ट की औसत रफ़्तार के बेहद करीब है। गौरतलब है कि बोल्ट ने जब 100 मीटर की दौड़ 9.58 सेकंड में पूरी की थी, तब उनकी औसत रफ्तार 10.44 मीटर प्रति सेकंड थी।
इंसानों जैसी रफ्तार की ओर बढ़ते रोबोट
यूनिट्री रोबोटिक्स के अनुसार, रफ्तार के इस रिकॉर्ड को बनाने वाले H1 रोबोट की बनावट काफी हद तक एक आम इंसान जैसी है। इसका वजन लगभग 62 किलोग्राम है और इसके पैरों की लंबाई 80 सेंटीमीटर है। वीडियो में देखा जा सकता है कि दौड़ते समय रोबोट अपना संतुलन और तालमेल बहुत ही सटीक तरीके से बनाए रखता है।
ट्रैक पर लगाया दौड़
हालांकि स्पीड मापने वाले उपकरण ने इसकी रफ्तार 10.1 मीटर प्रति सेकंड दर्ज की, लेकिन कंपनी का कहना है कि इसमें थोड़ी बहुत कमी-बेशी की गुंजाइश हो सकती है। इस रोबोट में अत्याधुनिक पावरट्रेन तकनीक, हाई-टॉर्क मोटर और गहराई मापने वाले कैमरों के साथ 3D लिडार (LiDAR) सेंसर लगाए गए हैं, जो इसे कठिन रास्तों पर भी स्थिरता देते हैं।
जल्द टूट सकता है बोल्ट का रिकॉर्ड?
यह हैरतअंगेज दौड़ असल में 19 अप्रैल, 2026 को बीजिंग में होने वाली 'दूसरी ह्यूमनॉइड रोबोट हाफ मैराथन' से पहले किया गया एक परीक्षण था। इस आयोजन के लिए अब तक 70 से ज्यादा टीमें अपना दमखम आजमा चुकी हैं। यूनिट्री के सीईओ वांग जिंगजिंग तकनीक को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने हाल ही में एक फोरम में दावा किया कि ह्यूमनॉइड रोबोट साल 2026 के मध्य तक उसैन बोल्ट के 100 मीटर दौड़ के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ सकते हैं। इससे पहले मार्च 2024 में इसी रोबोट के एक पुराने वर्जन ने 3.3 मीटर प्रति सेकंड की चलने की रफ़्तार के साथ गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था।
अब बास्केटबॉल भी खेल रहे रोबोट
रोबोट अब सिर्फ दौड़ ही नहीं, बल्कि खेलों में भी अपनी पकड़ बना रहे हैं। Toyota ने हाल ही में CUE7 नाम का ह्यूमनॉइड रोबोट पेश किया है, जो बास्केटबॉल खेल सकता है। यह रोबोट कैमरा और मोशन प्लानिंग की मदद से दूरी का अनुमान लगाकर सटीक शॉट लगाता है। इससे पहले CUE6 मॉडल ने सबसे लंबे बास्केटबॉल शॉट का रिकॉर्ड बनाया था।
चीन में रोबोटिक्स का तेजी से विकास
चीन की कई कंपनियां ह्यूमनॉइड रोबोट्स के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। इसी साल स्प्रिंग फेस्टिवल के दौरान Unitree के G1 रोबोट्स ने ऑटोनॉमस कुंग-फू का प्रदर्शन किया था। वहीं MirrorMe कंपनी ने Bolt नाम का 175 सेंटीमीटर लंबा और 75 किलोग्राम वजन वाला रोबोट पेश किया, जो 10 मीटर प्रति सेकंड की स्पीड तक दौड़ सकता है। 2025 में हुए वर्ल्ड ह्यूमनॉइड रोबोट गेम्स में Tien Kung Ultra रोबोट ने 100 मीटर रेस 21.50 सेकंड में पूरी कर जीत हासिल की थी।
- Realme Narzo 100 Lite: ₹14,000 से कम में Realme का नया फोन लॉन्च! अब बजट में लें गेमिंग का मजा, जानें फीचर्स
- 'अमेरिका को संभालनी होगी AI की कमान': गूगल सीईओ सुंदर पिचाई बोले- जिम्मेदारी के साथ विकसित करनी होगी तकनीक
- Full Automatic Vs Semi-Automatic: वाशिंग मशीन खरीदने से पहले जान लें कौन है बेहतर, कहीं बाद में पछताना न पड़े!
- Data Plans: हॉटस्टार और डेटा प्लान्स में गुपचुप तरीके से हुआ बदलाव, रिचार्ज करने से पहले जान लें जरूरी बातें