बताती है ट्विटर प्रोफाइल फोटो कैसा है आपका व्यक्तित्व

अगर आप किसी का व्यक्तित्व जानना चाहते हैं, तो उनका ट्विटर अकाउंट प्रोफाइल पिक्चर देखिए। हाल ही में हुए एक शोध में सामने आया है कि ट्विटर अकाउंट प्रोफाइल फोटो लोगों को न सिर्फ ये बताती है कि आप कितने आकर्षक हैं, बल्कि यह समझने में भी मदद करती है कि आपका व्यक्तित्व कैसा है।
अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ पेंसिलवेनिया के शोधकर्ताओं ने यह शोध किया। इसमे उन्होेंने मूल्यांकन करने वाले सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर 66 हजार से भी ज्यादा ट्विटर यूजर की प्रोफाइल फोटो का मूल्यांकन किया। इसके बाद शोधकर्ताओं ने 434 लोगों को एक सर्वे भरने के लिए कहा। इसमें सामने आया कि जिन लोगों की प्रोफाइल फोटो अपने चेहरे के अलावा कोई पालतू जानवर या फिर इमारतें होती है, वे अपनी नकारात्मक भावनाओं को छुपा नहीं पाते।
वहीं, जो लोग खुशमिजाज होते हैं, वे अपनी प्रोफाइल में हंसती-खेलती ही फोटो रखते हैं। ईमानदार लोग अपनी प्रोफाइल में ऐसे फोटो डालते हैं, जिसमें वह मौजूदा उम्र से ज्यादा बड़े दिखाई देते हैं। वहीं, अनुभवों के लिए तैयार रहने वाले लोग विचित्र स्थितियों में और असामान्य फोटो को अपनी प्रोफाइल पिक्चर रखते हैं।