टेलीनॉर ने किया सबसे सस्ती 4जी सर्विस देने का वादा

विस्तार
भारत में करीब 2,530 करोड़ रुपये के परिचालन घाटे में चल रही टेलीनॉर ने कहा है कि अगर इसे वाजिब दर पर स्पेक्ट्रम नहीं मिला तो यह भारत से अपना कारोबार समेट लेगी।
इस बयान के साथ ही कंपनी ने यह भी घोषणा की वह भारत में सबसे सस्ती दर पर 4जी सेवाएं उपलब्ध कराएगी। कंपनी ने कहा कि वह अपने ‘सबसे सस्ता’ की ब्रांड पोजीशनिंग के तहत हाई स्पीड मोबाइल सेगमेंट में सबसे न्यूनतम टैरिफ की पेशकश करेगी।
यह बात कंपनी ने 4जी सेवाओं में कीमतों की जंग होने की संभावना को देखते हुए कही। टेलीनॉर इंडिया कम्युनिकेशंस के सीईओ शरद मेहरोत्रा ने यहां पायलट 4जी सेवा लॉन्च करने के बाद कहा कि कंपनी अपनी सबसे सस्ता पोजीशन को आगे भी बरकरार रखेगी।
टेलीनॉर पहले ही वाराणसी में नैरो बैंड 4जी सेवा प्रदान कर रही है जिसके तहत औसत डाउनलोड स्पीड 2 Mbps की है। कंपनी 1 जीबी 4जी डेटा 149 रुपये और 2 जीबी डेटा 249 रुपये में दे रही है। यह अन्य ऑपरेटरों की तुलना में लगभग आधा है।
रिलायंस जियो, 200 रुपये में 75जीबी 4जी डेटा

रिलायंस जियो, रिलायंस इंडस्ट्रीज की दूरसंचार इकाई, अपनी 4जी सेवाओं को जल्द लॉन्च करने की तैयारी कर रही है, क्रेडिट सुइस ने एक नोट में यह बात कही है। जियो तीन महीने पहले ही रिलायंस समूह के कर्मचारियों और उनके दोस्तों के लिए इस सर्विस की शुरुआत कर चुकी है।
क्रेडिट सुइस के मुताबिक मुंबई में रिलायंस डिजिटल स्टोर पर जाने से पता चलता है कि दुकानों में जल्द ही जियो की 4जी कनेक्शन मिलना संभव होगा।
कर्मचारियों का कहना है कि उनको जियो सिम कार्ड प्राप्त हो चुके हैं लेकिन अभी इस बात की जानकारी नहीं है कि बिक्री कब से शुरू होगी। रिलायंस जियो का नया सिमकार्ड 200 रुपये में उपलब्ध होगा। नए कनेक्शन पर तीन महीने के लिए मुफ्त डेटा और वॉयस कॉल की भी सुविधा दी जाएगी।
तीन महीने पहले ही रिलायंस समूह के कर्मचारियों को दिए गए कनेक्शन पर 75जीबी डेटा और कॉल के लिए 4500 मिनट की पेशकश की गई थी। गौरतलब है कि रिलायंस जियो 4जी सर्विस देश भर में शुरू करने वाली है। कंपनी के लॉन्चिंग ऑफर के तहत की नया प्लान की वैध सिर्फ 3 महीने तक ही होगी।