कई दुकानों पर नहीं मिलेगा सैमसंग का फोन, कंपनी ने की 200 रिटेलर्स की छुट्टी

भारतीय स्मार्टफोन बाजार में अपनी-अपनी पकड़ को लेकर सैमसंग और शाओमी दोनों ही कंपनियों में टक्कराव तेज हो गया है। भारत में तीन साल पहले शाओमी ने अपना पहला स्मार्टफोन लॉन्च किया था,आज वह लो रेंज स्मार्टफोन बाजार में मजबूत पकड़ बना चुका है। वहीं दक्षिण कोरियन कंपनी सैमसंग, शाओमी के बढ़ते कद से परेशान है।
इकोनॉमिक्स टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार सैमसंग ने लगभग अपने 200 रिटेलर की सप्लाई रोक दी है। कंपनी ने उन रिटेलर को अपने हैंडसेट भेजना बंद कर दिए हैं जिन्होंने शाओमी के साथ भी एग्रीमेंट कर लिया है। शाओमी इंडिया के प्रबंध निदेशक मनू जैन ने ट्रेडर्स के व्हाट्सऐप ग्रूप पर मैजेस भेजा। उन्होंने अपने मैसेज में लिखा कि जिस तरह से आप प्रतिद्वंद्वियों के फैसले के खिलाफ खड़े हुए हैं। मैं आप लोगों के कदम की प्रशंसा करता हूं।
साथ ही उन्होंने लिखा कि अगर कोई आपना स्टॉक आपको नहीं दे रहा और अन्य सुविधाएं वापस ले रहा है तो आप लोग चिंता नहीं करें। अगर जरूरत होगी तो हम और स्टॉक आप तक पहुचाएंगे। साथ ही हम एक नई आर्थिक नीति पर विचार कर रहे हैं, जिसके बारे में हम जल्द ही घोषणा कर सकते हैं।
वहीं सैमसंग इंडिया के प्रवक्ता ने कंपनी को भारत की सबसे भरोसेमंद और बड़ा स्मार्टफोन ब्रांड बताया। उन्होंने कहा कि हमने देश भर में सबसे बड़ा नेटवर्क बनाया है, जिनके साथ हम पिछले एक दशक से काम कर रहे हैं। इसके साथ ही हमने ग्राहकों का भरोसा भी जीता है। यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपने ग्राहकों को सही रिटेल अनुभव प्रदान करें और हम वहीं कर रहे हैं।