Qualcomm Quick Charge 5: 15 मिनट में फुल हो जाएगी स्मार्टफोन की बैटरी

प्रदीप पाण्डेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीप्रदीप पाण्डेय
Mon, 27 Jul 2020 07:38 PM IST
Qualcomm Quick Charge 5 launched with capability of Charge a Phone in 15 Minutes
Qualcomm Quick Charge 5 - फोटो : Qualcomm

    अमेरिकी चिपसेट निर्माता कंपनी क्वॉलकॉम ने क्विक चार्ज (Quick Charge 5) लॉन्च कर दिया है। क्वॉलकॉम क्विक चार्ज 5 को लेकर दावा है कि स्मार्टफोन की बैटरी महज पांच मिनट में 0-50 फीसदी तक चार्ज हो जाएगी। क्विक चार्ज 5 साल 2017 में लॉन्च हुए क्विक चार्ज 4 प्लस का अपग्रेडेड वर्जन है।

    क्वॉलकॉम की इस फास्ट चार्जिंग टेक्नोलॉजी को लेकर दावा है कि यह पहले वाले वर्जन के मुकाबले 10 फीसदी कूलर, चार गुणा तेज और परफॉर्मेंस के मामले में 70 फीसदी आगे होगा। यह 2S बैटरी पैक्स को भी सपोर्ट करता है। इसके अलावा इसे यूएसबी-पीडी और यूएसबी टाइप-सी दोनों तरह की चार्जिंग के लिए ऑप्टिमाइज किया गया है।

    Quick Charge 5 फिलहाल टेस्टिंग फेज में है और इस चार्जिंग टेक्नोलॉजी के साथ पहली डिवाइस साल 2020 की तीसरी तिमाही में आएगी। क्विक चार्ज 5 टेक्नोलॉजी 100 वॉट से अधिक की चार्जिंग क्षमता को सपोर्ट करती है। बता दें कि क्विक चार्ज 4 प्लस में 45वॉट तक का सपोर्ट था।

    ये भी पढ़ें:  Airtel अपने ग्राहकों को फ्री में दे रहा 1GB 4G डाटा, ऐसे मिलेगी जानकारी

    क्विक चार्ज 4 प्लस से तुलना करें तो 4000एमएएच की बैटरी पर इसकी कूलिंग 10 डिग्री सेल्सियस तक होगी। क्लिक चार्ज 5 को लेकर दावा है कि यह किसी बैटरी को महज 15 मिनट में 0-100 फीसदी तक बैटरी चार्ज कर सकती है।

    इस नई चार्जिंग टेक्नोलॉजी में बैटरी सेवर है और किसी एडाप्टर की पहचान भी कर सकता है, इसके लिए इसमें स्मार्ट आईडेंटिफिकेशन दिया गया है। यह वोल्टेज के हिसाब से डुअल और ट्रिपल चार्ज टेक्नोलॉजी भी एक्टिव करने में सक्षम है। इससे आपकी बैटरी की लाइफ बनी रहेगी।

    क्लिक चार्ज 5 का सपोर्ट स्नैपड्रैगन 865 और 865+ में मिलेगा। इसके अलावा यह भी उम्मीद की जा रही है कि इस चार्जिंग टेक्नोलॉजी का सपोर्ट स्नैपड्रैगन 700 सीरीज में भी मिलेगा। क्विक चार्ज 5 का मुकाबला हाल ही में लॉन्च हुए ओप्पो के 125W फ्लैश चार्जिंग टेक्नोलॉजी के साथ होगा जो महज 20 मिनट में 4000mAh की बैटरी को फुल चार्ज करने में सक्षम है।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें