Pegasus: दुनिया के सबसे ताकतवर जासूसी सॉफ्टवेयर की कहानी, जेफ बेजोस भी हो चुके हैं इसके शिकार
इस्रायल के NSO ग्रुप/Q साइबर टेक्नोलॉजीजी ने इस स्पाइवेयर (जासूसी वाले सॉफ्टवेयर) को तैयार किया है। पेगासस का दूसरा नाम Q Suite भी है। पेगासस दुनिया के सबसे खतरनाक जासूसी सॉफ्टवेयर्स में से एक है जो एंड्रॉयड और आईओएस डिवाइस दोनों की जासूसी कर सकता है।

विस्तार
भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी के एक ट्वीट से तहलका मच गया है। स्वामी ने अपने एक ट्वीट में कहा है कि वॉशिंगटन पोस्ट और लंदन गार्जियन एक रिपोर्ट प्रकाशित करने वाले हैं जिसमें कई मंत्रियों और पत्रकारों के फोन टैपिंग की जानकारी है। कहा जा रहा है कि करीब 2,500 लोगों के टैप किए गए फोन कॉल्स को लेकर कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। इस फोन टैपिंग के पीछे दुनिया के सबसे ताकतवर हैकिंग सॉफ्टवेयर पिगासस (Pegasus) का नाम सामने आ रहा है। बता दें कि साल 2019 में जब भारत समेत दुनियाभर के 100 से अधिक पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के व्हाट्सएप अकाउंट की जासूसी हुई थी, उस समय पिगासस के बारे में पूरी दुनिया को विस्तार से जानकारी मिली थी और दो साल बाद Pegasus एक बार फिर से खबरों में है। आइए जानते हैं आखिर यह Pegasus सॉफ्टवेयर है क्या और यह काम कैसे करता है?
जासूसी का सबसे बड़ा सॉफ्टवेयर
जासूसी की दुनिया में पेगासस का बड़ा नाम है। इससे उन फोन और डिवाइस को भी हैक किया जा सकता है जिसे लेकर कंपनियां दावा करती हैं कि यह हैकप्रूफ है। पेगासस एक स्पाईवेयर है जो चुपके से किसी भी डिवाइस की जासूसी कर सकता है। पेगासस जैसे स्पाईवेयर यूजर्स की जानकारी के बिना उनके फोन में मौजूद रहते हैं और फोन में मौजूद गोपनीय जानकारी को हैकर्स तक आसानी से पहुंचाते हैं। आपके फोन में स्पाईवेयर है या नहीं इसका पता लगाना बहुत ही मुश्किल काम है। आपको बता दें कि साल 2019 में पेगासस के जरिए ही भारत समेत दुनिया के करीब 1,400 पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की जासूसी हुई थी। इसके अलावा अमेजन के सीईओ जेफ बेजोस का व्हाट्सएप भी इसी सॉफ्टवेयर से हैक हुआ था।
क्या है और Pegasus और क्या-क्या कर सकता है?
इस्रायल के NSO ग्रुप/Q साइबर टेक्नोलॉजीजी ने इस स्पाइवेयर (जासूसी वाले सॉफ्टवेयर) को तैयार किया है। पेगासस का दूसरा नाम Q Suite भी है। पिगासस दुनिया के सबसे खतरनाक जासूसी सॉफ्टवेयर्स में से एक है जो एंड्रॉयड और आईओएस डिवाइस दोनों की जासूसी कर सकता है। पेगासस सॉफ्टवेयर यूजर की इजाजत और जानकारी के बिना भी फोन में इंस्टॉल हो सकता है। एक बार फोन में इंस्टॉल हो जाने के बाद इस आसानी से हटाया नहीं जा सकता है। पेगासस को किसी फोन में सिर्फ एक मिस्ड कॉल के जरिए इंस्टॉल किया जा सकता है। यह फोन में मौजूद एंड टू एंड एंक्रिप्टेड चैट को भी पढ़ सकता है यानी इससे व्हाट्सएप और टेलीग्राम जैसे एप्स भी सुरक्षित नहीं हैं।

पेगासस सॉफ्टवेयर आपकी निजी जानकारियों पर बारिकी से नजर रख सकता है। हैरान करने वाली बात यह है कि फोन में इस सॉफ्टवेयर का कोई आइकन भी नहीं बनता जिसके जरिए आप इसकी पहचान कर सकें। यह सॉफ्टवेयर पासवर्ड, कॉन्टेक्ट लिस्ट, कैलेंडर, मैसेज, माइक्रोफोन, कैमरा और विभिन्न मैसेजिंग एप्स के कॉलिंग फीचर पर पल-पल नजर रखने में माहिर है। पेगासस यूजर का जीपीएस लोकेशन भी ट्रैक करता है।
इकोनॉमिक्स टाइम्स में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक पेगासस (Pegasus) सॉफ्टवेयर की कीमत 7-8 मिलियन डॉलर यानी करीब 56 करोड़, 56 लाख, 40 हजार रुपये है। इस कीमत में पेगासस सॉफ्टवेयर का एक साल के लिए लाइसेंस मिलता है। एक लाइसेंस पर आप एक साल में 500 फोन को मॉनिटर कर सकते हैं। पेगासस के जरिए एक बार में 50 मोबाइल फोन पर पल-पल नजर रखी जा सकती है। पेगासस सॉफ्टवेयर यूजर की परमिशन के बिना उसके फोन को ऑफ/ऑन के अलावा फॉर्मेट भी मार सकता है।
जनवरी 2020 में 'द गार्जियन' ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि 8 नवंबर 2018 को जेफ बेजोस को एक व्हाट्सएप मैसेज भेजकर उनके फोन को हैक किया गया था। अमेजन के सीईओ जेफ बेजोस का व्हाट्सएप अकाउंट हैक हुआ था और हैकिंग का आरोप सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान पर लगा था। बेजोस को मैसेज सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस के पर्सनल व्हाट्सएप अकाउंट से भेजा गया था, हालांकि अभी तक इस बात की जानकारी नहीं मिली है कि जेफ बेजोस के फोन से क्या-क्या डाटा चोरी हुए। जेफ बेजोस का व्हाट्सएप अकाउंट हैक के पीछे भी पेगासस सॉफ्टवेयर (Pegasus) का ही नाम सामने आया था।
- सुविधा: अगस्त से ऑनलाइन खुदरा विक्रेता फेसबुक से कर सकेंगे भुगतान
- Battlegrounds Mobile India: जुलाई अपडेट के बाद यूजर्स को हो रही परेशानी, कंपनी ने कहा- फिक्स करने के लिए कर रहे काम
- Amazon Prime Day Sale: लैपटॉप पर 35,000 रुपये तक की छूट, 40 फीसदी छूट के साथ खरीदें स्मार्टफोन
- वॉयस ट्वीट के लिए एक साल बाद Twitter ने जारी किया ऑटोमेटिक कैप्शन का फीचर