Meta AI: मेटा एआई के लिए अलग से एप होगा लॉन्च, ओपनएआई और गूगल से बड़े मुकाबले की तैयारी
मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग की यह महत्वाकांक्षा है कि 2025 के अंत तक कंपनी को AI क्षेत्र में अग्रणी बनाया जाए। OpenAI के ChatGPT और Google के Gemini जैसे स्वतंत्र एप्स को देखते हुए, मेटा अब अपनी AI सेवाओं को एक अलग पहचान देने की कोशिश कर रहा है।

विस्तार
मेटा (Meta) अपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चैटबॉट को एक अलग स्टैंडअलोन एप के रूप में लॉन्च करने की योजना बना रहा है। वर्तमान में Meta AI फेसबुक, इंस्टाग्राम, मैसेंजर और व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया एप्स में उपलब्ध है। इसके अलावा, यह एक वेब क्लाइंट के रूप में भी काम करता है, लेकिन अभी तक यह एक अलग मोबाइल या डेस्कटॉप एप के रूप में उपलब्ध नहीं है।
CNBC की एक रिपोर्ट के अनुसार, मेटा अपनी मौजूदा सोशल मीडिया सेवाओं के अलावा एक अलग एप के रूप में Meta AI लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह एप 2025 की दूसरी तिमाही (अप्रैल से जून) के बीच लॉन्च किया जा सकता है।
मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग की यह महत्वाकांक्षा है कि 2025 के अंत तक कंपनी को AI क्षेत्र में अग्रणी बनाया जाए। OpenAI के ChatGPT और Google के Gemini जैसे स्वतंत्र एप्स को देखते हुए, मेटा अब अपनी AI सेवाओं को एक अलग पहचान देने की कोशिश कर रहा है।
इसके अलावा, रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि मेटा एक प्रीमियम वर्जन की टेस्टिंग कर रहा है, जिसमें अतिरिक्त फीचर्स उपलब्ध होंगे। यह सेवा उन ग्राहकों के लिए होगी जो सशुल्क सब्सक्रिप्शन लेंगे, जैसा कि OpenAI, माइक्रोसॉफ्ट और गूगल जैसी कंपनियां कर रही हैं।