Llama 4: इसी महीने जकरबर्ग लॉन्च करेंगे नया एआई मॉडल, चैटजीपीटी से होगा मुकाबला
रिपोर्ट के अनुसार, Llama 4 के विकास के दौरान यह मेटा की तकनीकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका, खासतौर पर तर्क (reasoning) और गणितीय कार्यों में। इसके अलावा, कंपनी को यह भी चिंता थी कि OpenAI के मॉडलों की तुलना में Llama 4 की मानवीय आवाज में बातचीत करने की क्षमता कमजोर है।

विस्तार
मेटा प्लेटफॉर्म्स (Meta Platforms) इस महीने के अंत तक अपने लेटेस्ट बड़े भाषा मॉडल (Large Language Model) Llama 4 को लॉन्च करने की तैयारी में है। द इंफॉर्मेशन की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मॉडल की रिलीज पहले कम से कम दो बार टल चुकी है, लेकिन अब फेसबुक की मालिक कंपनी एआई की दौड़ में आगे निकलने की कोशिश कर रही है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि मेटा एक बार फिर Llama 4 की रिलीज को टाल सकती है। यह जानकारी दो करीबी सूत्रों के हवाले से दी गई है। ओपनएआई (OpenAI) के चैटजीपीटी (ChatGPT) की सफलता के बाद बड़ी टेक कंपनियां एआई इंफ्रास्ट्रक्चर में भारी निवेश कर रही हैं। इसने तकनीकी दुनिया में बड़ा बदलाव लाया है और मशीन लर्निंग में निवेश को नई गति दी है।
रिपोर्ट के अनुसार, Llama 4 के विकास के दौरान यह मेटा की तकनीकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका, खासतौर पर तर्क (reasoning) और गणितीय कार्यों में। इसके अलावा, कंपनी को यह भी चिंता थी कि OpenAI के मॉडलों की तुलना में Llama 4 की मानवीय आवाज में बातचीत करने की क्षमता कमजोर है। मेटा इस साल एआई इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने के लिए करीब 65 अरब डॉलर (लगभग 5,39,000 करोड़ रुपये) खर्च करने की योजना बना रही है। निवेशकों का दबाव है कि बड़ी टेक कंपनियां अपने निवेश पर ठोस परिणाम दिखाएं।