रिलायंस और OpenAI ने मिलाया हाथ: Jio Hotstar में आसान होगा सर्च, बढ़ेगा मनोरंजन

जागृति
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति
Thu, 19 Feb 2026 07:52 PM IST
सार

JioHotstar ChatGPT Integration:

डिजिटल मनोरंजन की दुनिया में बड़ा बदलाव आने वाला है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के ओटीटी प्लेटफॉर्म जीयो हॉटस्टार ने ओपनएआई के साथ साझेदारी की है। इस डील के तहत अब हॉटस्टार पर चैटजीपीटी पावर्ड वॉयस सर्च फीचर मिलेगा, जिससे यूजर्स सिर्फ बोलकर अपनी पसंद का मूवी, शो या वेब सीरीज ढूंढ सकेंगे।

JioHotstar smartly partners with OpenAI bring ChatGPT-powered voice search Tech News Hindi
जियो हॉटस्टार - फोटो : hotstar.com

    विस्तार

    रिलायंस के जीयो हॉटस्टार ने ओपनएआई के साथ हाथ मिलाया है, जिसके तहत अब प्लेटफॉर्म पर चैटजीपीटी पावर्ड वॉयस सर्च की सुविधा मिलेगी। अब यूजर्स को रिमोट से टाइप करने या मेन्यू में भटकने की जरूरत नहीं होगी। आप बस बोलकर, अपने मूड के हिसाब से या किसी खास मौके जैसे दोस्तों के साथ पार्टी के लिए कंटेंट मांग सकते हैं और एआई आपको सटीक सुझाव देगा।

    कंपनी के अनुसार, एक दशक से भारत में डिजिटल स्ट्रीमिंग का पैटर्न स्क्रॉल, सिलेक्ट और स्ट्रीम रहा है, लेकिन अब यह अनुभव पूरी तरह बदलने वाला है। नई तकनीक के जरिए मेन्यू नेविगेट करने की जरूरत नहीं होगी, कीवर्ड टाइप करने की आवश्यकता नहीं होगी और सिर्फ आवाज में मूड या पसंद बताना पड़ेगा। इससे तुरंत सटीक कंटेंट का सुझाव मिल जाएगा। जैसे आपको कहना होगा कि मेरे घर पुराने दोस्त आ रहे हैं, साथ में एंजॉय करने के लिए कौन-सी मूवी देखें? तो सिस्टम आपके मूड के अनुसार मूवी और शो की लिस्ट सामने रख देगा।

    ये भी पढ़े: Viral Video: एआई डीपफेक का नया जाल, वायरल हुआ पीएम मोदी का फर्जी वीडियो ; जानें क्या है सच

    मल्टी-लैंग्वेज सपोर्ट के साथ स्मार्ट सर्च

    यह फीचर कई भारतीय भाषाओं को सपोर्ट करेगा। यानी यूजर अपनी क्षेत्रीय भाषा में बोलकर कंटेंट खोज सकेंगे। संभावना है कि यह सिस्टम स्पीच टू टेक्स्ट एपीआई, टेक्स्ट टू स्पीच एपीआई, एआई आधारित रिकमेंडेशन इंजन का उपयोग करेगा, जिससे इंसान और मशीन के बीच बातचीत जैसा अनुभव मिलेगा।

    चरणबद्ध तरीके से रोलआउट

    कंपनी ने बताया कि यह सुविधा पहले चुनिंदा लाइव और ऑन-डिमांड सेवाओं के साथ शुरू होगी। इसके बाद इसे पूरे प्लेटफॉर्म पर चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। इससे यूजर्स को अधिक पर्सनलाइज्ड और इंटेलिजेंट स्ट्रीमिंग अनुभव मिलेगा।

    ये भी पढ़े: Galaxy S26 Ultra Clone: इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ ₹6,500 वाला नकली सैमसंग एस26 फोन; खरीदने से पहले जान लें सच

    क्या ओटीटी इंडस्ट्री में बड़ा बदलाव होगा?

    एआई आधारित सर्च और रिकमेंडेशन सिस्टम ओटीटी इंडस्ट्री का भविष्य माने जा रहे हैं। यह तकनीक यूजर बिहेवियर, वॉच हिस्ट्री और मूड पैटर्न के आधार पर सुझाव दे सकती है। इस साझेदारी से हाॅटस्टार भारतीय बाजार में टेक्नोलॉजी इनोवेशन के मामले में नई मिसाल पेश कर सकता है।