Galaxy S26 Ultra Clone: इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ ₹6,500 वाला नकली Samsung S26 फोन; खरीदने से पहले जान लें सच
Samsung Galaxy S26 Ultra Clone India:
क्या आप भी इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे उस वीडियो को देखकर लालच में आ गए हैं, जिसमें नया चमचमाता गैलेक्सी एस26 अल्ट्रा कौड़ियों के दाम में मिल रहा है? तो सावधान हो जाइए, क्योंकि ये सैमसंग की कोई सेल नहीं, बल्कि एक बड़ा धोखा है।

विस्तार
स्मार्टफोन मार्केट में बड़े लॉन्च से पहले फेक डिवाइस का आना नया नहीं है, लेकिन इस बार मामला ज्यादा चर्चा में है। सैमसंग की अपकमिंग फ्लैगशिप सीरीज से पहले कथित सैमसंग गैलेक्सी एस 26 अल्ट्रा का एक क्लोन मॉडल 6,500 रुपये में बिकता नजर आ रहा है। इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो में यह फोन देखने में असली जैसा लगता है, लेकिन अंदर की कहानी बिल्कुल अलग है
बाहर से प्रीमियम, अंदर से एंट्री-लेवल से भी कमजोर
बेचने वाले इसे 5G फोन बताकर ग्राहकों को लुभा रहे हैं। हकीकत यह है कि 3GB रैम के साथ यह फोन बेसिक एप्स चलाने में भी हांफने लगेगा। न तो इसमें सैमसंग का शानदार प्रोसेसर है और न ही वह कैमरा क्वालिटी जो चांद की तस्वीर खींच सके। यह सिर्फ एक दिखावे वाला खिलौना है।
ये भी पढ़े: AI Summit 2026: सुंदर पिचाई से लेकर सैम ऑल्टमैन तक, दिल्ली में जुटे टेक दिग्गजों ने एआई को लेकर क्या-क्या कहा?
सुरक्षा और वारंटी का खतरा
सस्ते क्लोन फोन न केवल परफॉरमेंस में खराब होते हैं, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी खतरनाक हैं। इन डिवाइस में अक्सर मालवेयर होते हैं जो आपका डेटा चोरी कर सकते हैं। साथ ही, खराब क्वालिटी की बैटरी फटने का डर भी बना रहता है और खराब होने पर इन्हें कोई ठीक नहीं करता।
डिजाइन कैसे किया गया कॉपी?
क्लोन फोन को इस तरह डिजाइन किया जाता है कि वह पहली नजर में असली फ्लैगशिप जैसा लगे। इसके लिए लीक रेंडर्स और इंटरनेट पर उपलब्ध तस्वीरों का सहारा लिया जाता है। रियर कैमरा मॉड्यूल का आकार और लेआउट लगभग वैसा ही रखा जाता है जैसा असली मॉडल में दिखाया गया होता है। वॉलपेपर और आइकन भी मिलते-जुलते रखे जाते हैं ताकि अनबॉक्सिंग या पहली झलक में भ्रम पैदा हो। लेकिन ध्यान से देखने पर फर्क साफ नजर आता है डिस्प्ले की ब्राइटनेस और कलर क्वालिटी कम होती है, कैमरा सेंसर असली हाई-रिजॉल्यूशन लेंस की बजाय साधारण या डमी हो सकते हैं और सॉफ्टवेयर इंटरफेस असली वन यूआई जैसा स्मूद नहीं दिखता। बिल्ड क्वालिटी भी हल्की और कम प्रीमियम महसूस होती है।
फीचर में भी होगा बदलाव?
फीचर्स के मामले में भी यह अंतर बड़ा होता है। ऐसे क्लोन डिवाइस में आपको असली सैमसंग सॉफ्टवेयर इकोसिस्टम, गैलेक्सी एआई फीचर्स, नियमित सिक्योरिटी और ओएस अपडेट या फ्लैगशिप लेवल कैमरा प्रोसेसिंग नहीं मिलती। हाई-एंड प्रोसेसर की जगह एंट्री-लेवल चिपसेट लगाया जाता है, जिससे परफॉर्मेंस कमजोर रहती है। कई बार ये फोन पुराने एंड्राइड वर्जन पर चलते हैं और भविष्य में अपडेट मिलने की कोई गारंटी नहीं होती।
ये भी पढ़े: iPhone 17e लॉन्च को लेकर बड़ा अपडेट: इस दिन आ सकता है एपल का नया डिवाइस
लॉन्च से पहले क्लोन बाजार इसलिए सक्रिय हो जाता है क्योंकि जैसे ही किसी बड़े ब्रांड के फ्लैगशिप फोन की चर्चा शुरू होती है, उसके डिजाइन और स्पेसिफिकेशन से जुड़ी लीक जानकारी सार्वजनिक हो जाती है। नकली निर्माता इन्हीं लीक रेंडर्स के आधार पर जल्दी-जल्दी मिलते-जुलते डिजाइन तैयार कर लेते हैं और आधिकारिक लॉन्च से पहले कम कीमत का लालच देकर बेचने लगते हैं। यह खासकर उन ग्राहकों को टारगेट करते है जो ब्रांड नाम और लुक से प्रभावित होकर बिना गहराई से जांच किए खरीदारी कर लेते हैं।
असली लॉन्च कब?
सैमसंग अपना गैलेक्सी अनपैक्ड इवेंट 25 फरवरी 2026 को सैन फ्रांसिस्को में आयोजित कर रहा है। भारतीय समय के अनुसार यह रात 11:30 बजे शुरू होगा। इसी समय इस फोन के लॉन्चिंग की उम्मीद भी है।असली फोन में स्नैपड्रैगन 8 जेन 5 (संभावित) चिपसेट और बेहतरीन गैलेक्सी एआई फीचर्स होंगे, जिनकी तुलना 6,500 रुपये वाले फोन से करना भी गलत है।
असली और नकली में फर्क कैसे पहचानें?
खरीदारी से पहले हमेशा आधिकारिक वेबसाइट पर मॉडल नंबर डालकर जांच करें। इसके अलावा प्रोसेसर डिटेल (Geekbench या CPU-Z जैसे एप से), रैम और स्टोरेज की वास्तविक क्षमता, IMEI नंबर सत्यापन और आधिकारिक रिटेल स्टोर या विश्वसनीय ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म देखें।